कांग्रेस प्रत्याशी नरेंद्र बुडानिया
- फोटो : सोशल मीडिया
चूरू में हॉट सीट बनी तारानगर विधानसभा में उस समय माहौल गरमा गया, जब कांग्रेस प्रत्याशी नरेंद्र बुडानिया के फेसबुक अकाउट से 'इंडस्ट्रियल एरिया में एक फैक्ट्री में दारू तथा पैसे हैं, सभी वहां पहुंचे' पोस्ट शेयर किया गया। इसके तुरंत बाद मामला गरमा गया और बड़ी संख्या में तारानगर के इंडस्ट्रियल एरिया में कांग्रेस और भाजपा के लोग एकत्रित हो गए, जो एक दूसरे के सामने आ गए।
साथ ही कांग्रेस प्रत्याशी नरेंद्र बुडानिया व भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र राठौड़ भी मौके पर पहुंचे। एसडीएम संदीप चौधरी, डीएसपी जयप्रकाश, तारानगर थाना अधिकारी नवनीत सिंह धारीवाल मौके पर भारी पुलिस व सीआईएफ के जवानों के साथ पहुंचे। स्थिति को नियंत्रण करने में प्रशासन के हाथ पांव फूले तो सीआईएफ के जवानों ने मोर्चा संभाला और भीड़ को तितर- बितर किया।
वहीं, मौके पर नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने आक्रोश व्यक्त किया। राठौड़ ने बताया कि भाजपा चुनाव प्रभारी सुशील सरावगी को कांग्रेस प्रत्याशी के गुंडा तत्वों द्वारा रोककर उनको जबरदस्ती गाड़ी में डाल कर अपहरण का प्रयास की है। घटना के बाद फैक्ट्री के अधिकारियों के द्वारा जांच की गई।
जांच के बाद तारानगर एसडीएम संदीप चौधरी ने बताया, प्रथम दृष्ट्या फैक्ट्री में कुछ संदिग्ध नहीं मिला है। आमजन से अपील की है कि वो न तो सोशल मिडिया पर कोई भर्मित करने वाली पोस्ट डालें और न ही जब तक आधिकारिक तौर पर सामने आए विश्वास करें।
बता दें, तारानगर में नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ भाजपा की तरफ से, जबकि कांग्रेस की तरफ से नरेंद्र बुडानिया चुनावी मैदान में हैं। दो दिग्गज आमने-सामने होने के कारण यहां पिछले दो दिनों से लगातार अफवाहों का दौर जारी है।