राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने मंगलवार को विधानसभा चुनाव के लिए टोंक में नामांकन दाखिल कर दिया। पायलट हजारों कार्यकर्ताओं के साथ नामांकन करने के लिए पहुंचे थे। नामांकन भरने जाने से पहले पायलट ने भूतेश्वर महादेव मंदिर में पूजा- अर्चना की। इसके बाद टोंक के सवाई माधोपुर चौराहे से रैली की शुरुआत की। इस दौरान रघु शर्मा समेत कई विधायक और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
क्या बोले सचिन पायलट
नामांकन दखिल करने से पहले सचिन पायलट ने मीडिया से बात की। बोले- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने कहा है कि सभी को माफ करो और आगे बढ़ो। मैं इसी लाइन में चल रहा हूं। यहां कोई गुट नहीं है। सिर्फ मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी का गुट है। वहीं, राजस्थान का मुख्यमंत्री कौन होगा? इसे लेकर पायलट ने कहा कि कांग्रेस कभी भी पहले से यह तय नहीं करती है। बहुमत आने के बाद तय होगा कि सरकार का नेतृत्व कौन करेगा।
जानिए राजस्थान का चुनावी कार्यक्रम
राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए बीते सोमवार को अधिसूचना जारी कर दी गई थी। इसके बाद से नमांकन करने का सिलसिला शुरू हो गया था। नामांकन प्रपत्र भरने की अंतिम तारीख 6 नवंबर है। 5 नवबंर को रविवार होने के कारण नामांकन दाखिल नहीं किए जा सकेंगे। 7 नवंबर को नामांकन प्रपत्रों की जांच जाएगी। 9 नवंबर तक प्रत्याशी नामांकन वापस ले सकते हैं। 25 नवंबर को मतदान होगा और 3 दिसंबर को मतगणना होगी।
कांग्रेस की सूची का इंतजार
कांग्रेस अब तक तीन सूचियां जारी कर चुकी है। पहली लिस्ट में पार्टी ने 33 उम्मीदारों के नामों का एलान किया था, जबकि दूसरी सूची में कांग्रेस ने 44 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए थे। वहीं, तीसरी सूची में 19 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई थी। अब तक कांग्रेस 96 सीटों पर प्रत्याशी उतार चुकी है।