सीएम अशोक गहलोत के ओएसडी लोकेश शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ओएसडी और प्रदेश कांग्रेस सेंट्रल वॉर रूम के को-चेयरमैन लोकेश शर्मा ने चुनावी दौरों पर आए भाजपा नेताओं पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने जहाजपुर और सागवाड़ा में दिए गए पीएम मोदी के बयानों पर पलटवार किया। शर्मा ने कहा- भाजपा की करारी हार को भांपते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भविष्यवाणी करने लगे हैं। उन्होंने मावजी की धरती पर भविष्यवाणी करने की भूल तो कर दी, लेकिन राजस्थान की जनता इस भूल के लिए पीएम मोदी और भाजपा को माफ नहीं करेगी। पीएम मोदी कितनी भी करामात कर लें, लेकिन राजस्थान में कमल नहीं खिलेगा, ये राजस्थान की जनता ने ठान लिया है।
लोकेश शर्मा ने कहा- प्रधानमंत्री मोदी जहां फेल हुए, वहां कांग्रेस ने काम किया है। जहां पीएम मोदी से जनता की उम्मीद खत्म होती है, वहां कांग्रेस से शुरू होती है। क्योंकि, आप 25 लाख रुपए के मुफ्त इलाज का सुरक्षा कवच देश को नहीं दे पाए। लेकिन, राजस्थान ने इसे बढ़ाते हुए 50 लाख रुपये करने ऐलान किया है। उज्ज्वला योजना के नाम पर महिलाओं से झूठी वाहवाही लूटने वाली केंद्र सरकार ने गैस सिलेंडर के दाम 1100 रुपए के पार पहुंचाने का काम किया, लेकिन कांग्रेस ने पहले 500 और अब 400 रुपए में सिलेंडर देने की गारंटी जनता को दी है। इसी तरह शहरी रोजगार की गारंटी दी है। मोदी करीब 10 साल में भी नहीं दे पाए। केंद्र ने ईआरसीपी को राष्ट्रीय परियोजना घोषित नहीं किया, लेकिन कांग्रेस सरकार ने पहले 9 हजार और फिर 14 हजार करोड़ रुपए का बजट देकर ईआरसीपी को बंद नहीं होने दिया।
लोकेश शर्मा ने पेपर लीक के मुद्दे पर भी पीएम मोदी पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि मोदी पहले अपने हर साल 2 करोड़ रोजगार वाले वादे के तहत 9 साल के हिसाब से 18 करोड़ रोजगार देकर बेरोजगारों की सुध लें। पेपर लीक तो भाजपा शासित राज्यों में भी हुए, लेकिन वहां की सरकारों ने इस पर रोक लगाने के लिए क्या किया, इस पर मोदी को जवाब देना चाहिए। कांग्रेस ने 10 लाख रोजगार देने वादा किया है और इसे भी निभाएगी।
लोकेश शर्मा ने कहा- चुनाव में कमल के निशान वाला बटन जनता दबाती है, तो आने वाले समय में महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ेगी। प्रदेश की गरीब जनता अपने हक से वंचित रह जाएगी। इसलिए, विधानसभा चुनाव में कमल का बटन किसी हाल में नहीं दबाना है।