मतदान करने में महिलाएं पुरुषों से लगातार आगे हैं। 2013 के विधानसभा चुनाव के बाद से ये आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। इस चुनाव में 75.44 फीसदी महिलाओं ने मतदान किया था। इसी तरह 2018 के चुनाव में महिलाओं का वोट प्रतिशत 74.67 रहा था, जबकि 73.49 फीसदी पुरुषों ने मतदान किया था। यानी 1.18 फीसदी महिलाओं ने पुरुषों के मुकाबले ज्यादा वोटिंग की थी।
2003 और 2008 के चुनाव में महिलाओं का वोट प्रतिशत कम
इन दो विधानसभा चुनाव के आंकड़ें देखें तो महिलाएं पुरुषों के मुकाबले वोट करने में काफी पीछे रहीं। 2003 में 64.21 फीसदी महिलाओं और 69.91 प्रतिशत पुरुषों ने मतदान किया। पुरुषों की तुलना में महिलाओं की वोटिंग 5.7 फीसदी कम रही है। हालांकि, 2008 के चुनाव में यह अंतर सिर्फ 1.79 फीसदी ही रह गया। इस चुनाव में महिलाओं का वोट प्रतिशत 65.31 रहा, जबकि 67.10 फीसदी पुरुषों ने मतदान किया था।
कब कितनी महिलाओं ने वोट दिया
2023 के चुनाव में राजस्थान में महिला वोटिर की संख्या 2 करोड़ 51 लाख 98 हजार 492 थी। इनमें से 1 करोड़ 88 लाख 27 हजार 294 महिलाए मतदान करने के लिए घर से निकलीं। इसी तरह 2008 के चुनाव में 1 करोड़ 72 लाख 27 हजार 902 महिला मतदाताओं में से 1 करोड़ 12 लाख 51 हजार 407 ने वोट दिया। 2013 में 1 करोड़ 93 लाख 7320 महिलाओं में से 1 करोड़ 45 लाख 66 हजार 391 महिलाओं ने मतदान किया। 2018 में 2 करोड़ 28 लाख 27 हजार 740 में से 1 करोड़ 70 लाख 46 हजार 450 और 2023 में 2 करोड़ 51 लाख 98 हजार 492 में से 1 करोड़ 88 लाख 27 हजार 294 महिलाओं ने वोट देकर नई सरकार चुनी है।