राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018 के लिए बुधवार को प्रचार का आखिरी दिन है। प्रदेश में धुआंधार प्रचार अभियान करने वाले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने पूरा विश्वास जताया कि उनकी पार्टी राजस्थान में पर्याप्त बहुमत से सरकार बनाएगी।
सचिन पायलट ने बुधवार को दावा किया कि लोग भाजपा सरकार के कुशासन से परेशान हैं।
टोंक कस्बे में संवाददाताओं से बातचीत में पायलट ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि उनकी पार्टी पर्याप्त बहुमत के साथ सरकार बनायेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की सूचना है कि भाजपा 50 सीटों के आंकड़े को भी पार नहीं कर पाएगी।
उन्होंने कहा कि लोग भाजपा के कुशासन से परेशान हैं और बदलाव चाहते हैं।
टोंक से राजस्थान के यातायात मंत्री यूनुस खान भाजपा प्रत्याशी हैं।
सात दिसंबर को होने वाले चुनाव के लिए चुनाव प्रचार बुधवार शाम पांच बजे थम जाएगा।
200 विधानसभा सीटों में से 199 सीटों पर सात दिसम्बर को मतदान होगा। चुनाव आयोग ने अलवर जिले की रामगढ़ सीट पर बसपा उम्मीदवार लक्ष्मण सिंह के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया। (इनपुट:भाषा)