कोरोना का प्रकोप जारी है। इस बीच कोविड सेंटर में हुई एक अनोखी शादी का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। वीडियों में दूल्हा-दुल्हन पीपीई किट पहने शादी की रस्में पूरी करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो राजस्थान के बारां के केलवाड़ा में हुए एक अनोखी शादी का है, जहां कोरोना पॉजिटिव दुल्हन ने पीपीई किट पहनकर अपने दूल्हे के संग सात फेरे लेकर जीवन की नई पारी शुरू की है।
दरअसल, केलवाड़ा के छतरगंज गांव की रहने वाली लड़की और उसकी मां ने दो दिन पहले तबीयत खराब होने पर गांव में आए कोरोना जांच दल को नमूने दिए थे। फिर पूरा परिवार सामान्य रूप से शादी की तैयारियों में जुट गया। जबकि फेरों के कुछ घंटे पहले दुल्हन और उसकी मां की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद लड़की को केलवाड़ा के कोविड सेंटर ले जाया गया। पहले से पूरी व्यवस्था होने के कारण दोनों पक्षों ने शादी को टालने से मना कर दिया और सरकार के नियमों के मुताबिक, केलवाड़ा के कोविड सेंटर में ही मंडप सजाया गया और नियत समय पर ही दूल्हा-दुल्हन ने पीपीई किट पहन शादी की रस्में पूरी कीं। यह विवाह प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कराया गया।
पीपीई किट पहनकर हुई शादी
दुल्हा-दुल्हन, उनके माता-पिता, पंडित ने पीपीई किट पहनकर मंडप में रस्में पूरी कराईं। विधिवत मंत्रोच्चार के बीच दूल्हा-दुल्हन ने पीपीई किट पहनकर की एक दूसरे के गले में माला पहनाई और सात फेरे लिए।
छतरगंज निवासी लड़की की शादी दांता निवासी सरकारी अध्यापक से तय हुई थी। रविवार को लड़की वाले केलवाड़ा धर्मशाला के लिए रवाना हुए। समारोह की सभी तैयारियां धर्मशाला में की हुई थीं, लेकिन इसी दौरान दो दिन पूर्व गांव में ही कोरोना महामारी की जांच के लिए दिए गए सैंपल की रिपोर्ट आई, जिसमें दुल्हन व उसकी मां कोरोना पॉजिटिव पाई गई। यह सुनते ही परिवार असमंजस में आ गया। हालांकि, फिर दोनों ने कोविड सेंटर में शादी करने का फैसला लिया।