हादसा पाली रेलवे स्टेशन पर उस वक्त हुआ, जब जिले के कानावास गांव निवासी प्रकाश चौधरी (30 साल) अपनी बहन को यशवंतपुर-बीकानेर ट्रेन में बिठाने के लिए बीती रात रेलवे स्टेशन पहुंचे। प्रकाश की बहन को बैंगलोर जाना था, स्टेशन पर ट्रेन आने पर भाई ने बहन को ट्रेन में बिठाया और वह ट्रेन से उतरता उससे पहले ही ट्रेन चल दी, इस पर प्रकाश का चलती ट्रेन से उतरने के दौरान संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म पर गिर गया।
प्लेटफॉर्म पर गिरने पर वह ट्रेन की चपेट में आ गया और उसका एक हाथ कलाई तक कट गया, साथ ही सिर में भी गंभीर चोट आई। प्रकाश को प्लेटफॉर्म पर गिरकर ट्रेन की चपेट में आते हुए जब वहां मौजूद यात्रियों ने देखकर उसे आनन-फानन में ट्रेन से दूर खींच लिया अन्यथा प्रकाश की जान भी जा सकती थी।
कटे हाथ के साथ किया जोधपुर रेफर...
ट्रेन के नीचे से खींचने के बाद प्रकाश को गंभीर स्थिति में तुरंत बांगड़ अस्पताल ले जाया गया। बांगड़ अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में घायल युवक का प्राथमिक उपचार कर उसे कटे हुए हाथ के साथ रात करीब 1.30 बजे जोधपुर रेफर कर दिया गया।