प्रदेश भाजपा कार्यालय में वॉट्सऐप चैंबर की शुरुआत।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे लेकर कांग्रेस और भाजपा दोनों बड़ी पार्टियां तैयारी में लगी हुई हैं। चुनाव को लेकर रणनीति बनाई जा रही है।
चुनावी रण जीतने के लिए भाजपा ने सोशल मीडिया के जरिए भी रणनीति बनाई है। भाजपा प्रदेश में वॉट्सऐप चैंबर की शुरुआत करने जा रही है। इसके माध्यम से भाजपा एक लाख वॉट्सऐप ग्रुप से जुड़े 2 करोड़ 56 लाख लोगों से एक ही क्लिक से जुड़ सकती है। ये 2.6 करोड़ लोग भाजपा के संदेश को आगे पहुंचाने का भी काम करेंगे। इससे भाजपा का प्रचार-प्रसार जमीनी स्तर तक पहुंचेगा।
वॉट्स्ऐप चैंबर भी कुछ अलग तरह से बनाए गए हैं। यहां काम करने वाले स्टाफ को आम लोगों और कार्यकर्ताओं से दूर रखा जाएगा। चैंबर में कुछ चुनिंदा लोगों को ही एंट्री की छूट होगी। वॉट्सऐप चैंबर में अलग-अलग संभागों के 10 कैबिन बनाए गए हैं।
पार्टी की ओर से प्रदेश को 10 संभागों में विभाजित किया गया है। हर संभाग के लिए एक अधिकारी नियुक्त किया गया है, जिन्हें जिलेवार मोबाइल उपलब्ध करवाए गए हैं।
ऐसे में अगर भाजपा आलाकमान या प्रदेश स्तर से कोई भी संदेश आना है, जिसे जनता तक पहुंचा है तो वह इन वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए तुरंत हो जाएगा। चुनाव से पहले 2.5 करोड़ लोगों तक सीधे पहुंच बनाकर भाजपा ने कांग्रेस से एक लंबी बढ़त हासिल की है, जिसका चुनाव में लाभ मिल सकता है।