रोजगार मेले की टीशर्ट जारी करते हुए आमेर विधायक डॉ सतीश पूनिया।
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से युवाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए उपनेता प्रतिपक्ष और बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने अपने विधानसभा क्षेत्र आमेर के बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने की बड़ी तैयारी की है। कांग्रेस राज में वह पहले विधायक हैं, जो प्रमुख विपक्षी पार्टी बीजेपी से होने के बावजूद इस तरह का रोजगार मेला लगा रहे हैं। जिसमें 21 प्राइवेट कंपनियां 10वीं पास से ग्रेड्यूएट, बीटेक तक कैंडिडेट्स को जॉब ऑफर करेंगी।
जयपुर के आमेर विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को नौकरियां दिलवाकर सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की प्लानिंग राजस्थान विधानसभा के उपनेता प्रतिपक्ष डॉ. सतीश पूनिया ने की है। 3 जून को आमेर विधानसभा क्षेत्र के कूकस में पूनिया रोजगार मेला का आयोजन करेंगे। ऐसा करने वाले वह पहले बीजेपी विधायक होंगे, जो व्यक्तिगत प्रयासों से प्राइवेट कंपनियों में रोजगार दिलवाएंगे। राजस्थान में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में इसे स्थानीय वोट बैंक साधने की राजनीति के रूप में भी देखा जा रहा है।
1500 से ज्यादा युवाओं ने करवाए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
रोजगार मेले में नौकरियां पाने के लिए अब तक 1500 से ज्यादा युवाओं ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाए हैं। इस रोजगार मेले में लगभग 21 कंपनियां मौजूद रहेंगी। कूकस के आर्या कॉलेज कैंपस में गैर-सरकारी कंपनियां योग्यता और इंटरव्यू के आधार पर युवाओं को जॉब्स के अवसर देंगी। आवेदनकर्ता युवा आधार कार्ड, बायोडेटा और एजुकेशनल डॉक्युमेंट्स के साथ इंटरव्यू देने के लिए आमंत्रित किए गए हैं। शनिवार सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक रोजगार मेला आयोजित होगा।
कूकस के आर्या इंजीनियरिंग कॉलेज में सुबह 9 बजे से रोजगार मेला
रोजगार मेला शनिवार 3 जून को कूकस के आर्या कॉलेज मेन कैंपस में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 तक आयोजित होगा। जिसमें आमेर विधानसभा के युवक और युवतियों के लिए प्राइवेट कंपनियों के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे। पिछले दिनों आमेर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में बीजेपी पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से लगाए गए रजिस्ट्रेशन कैम्स के माध्यम से 1500 से ज्यादा युवाओं के ऑनलाइन आवेदन भी इसके लिए आ चुके हैं। लगभग 21 कंपनियां कूकस के आर्या कॉलेज में स्टॉल्स लगाकर युवाओं के मौके पर ही इंटरव्यू लेकर शॉर्ट लिस्ट करेंगी और जॉब ऑफर करेंगी।
10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, ग्रेजुएट, बीटेक समेत कई कैटेगरी के कैंडिडेट्स आमंत्रित
रोजगार मेला में आमेर विधानसभा क्षेत्र के 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, ग्रेजुएट, बीटेक जैसी शैक्षणिक योग्यता वाले युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों में अवसर मिलेंगे। आर्या कॉलेज कैंपस में विभिन्न गैर-सरकारी कंपनियां योग्यता और इंटरव्यू के आधार पर जॉब्स के अवसर देंगी। आमेर रोजगार मेला के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए ऑनलाइन लिंक भी जारी किया गया है। drsatishpoonia.com/amer-job-fair/ और जो युवा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं करवा पाए हैं, वह 3 जून को रोजगार मेला में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे के दौरान पहुंचकर भी ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।