प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीपी जोशी।
- फोटो : सोशल मीडिया
राजस्थान भाजपा के अध्यक्ष सीपी जोशी ने बारां कांग्रेस शहर अध्यक्ष गौरव शर्मा की हत्या को लेकर गहलोत सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि गौरव शर्मा की हत्या कांग्रेस के ही महासचिव पर करने का आरोप लगा है।
जोशी ने कहा कि जिस सरकार में उसकी पार्टी के पदाधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं, पार्टी के पदाधिकारी ही गुंडा गर्दी करते हैं, वह सरकार आमजन को किस तरह सुरक्षा देगी। प्रदेश में लगातार बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था के लिए गहलोत सरकार ही जिम्मेदार है।
गहलोत सरकार ने प्रदेश को सिर्फ शर्मसार किया
सीपी जोशी ने कहा साढे 4 साल से गहलोत सरकार ने प्रदेश को सिर्फ शर्मसार करने का काम किया है। कुर्सी की लड़ाई के चलते आज राजस्थान अपराधियों की शरण स्थली बन गया है। बड़े और गम्भीर अपराध यहां पर आम हो चुके हैं। महिला और दलित अपराधों में राजस्थान नंबर एक पर आ गया है। प्रदेश में जंगल राज है, लेकिन सरकार महिला सुरक्षा और आमजन की सुरक्षा को लेकर थोथे दावे करने में ही व्यस्त है। नेशनल क्राइम ब्यूरो के अनुसार देश के सबसे अधिक अपराध वाले राज्यों में राजस्थान का नाम शुमार है। माफियाओं द्वारा प्रतिदिन व्यापारियों और सामान्य जनों को जान से मारने और अपहरण की धमकियां दी जाती हैं। सरेआम गोलीबारी की घटना भी आम बात है।