फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान: बेटियों के कहने पर कॉलेज में पढ़ रहे 59 साल के भाजपा विधायक

Sun, 22 Jul 2018 09:50 PM IST
एजेंसी, जयपुर
विज्ञापन
विज्ञापन

पढ़ने की कोई उम्र नहीं होती, किसी भी उम्र में आप खुद को साक्षर बना सकते हैं। ये बात कुछ साल पहले तक गांव-गांव चलने वाले साक्षरता अभियान में आपने खूब सुनी होगी। लेकिन राजस्थान की उदयपुर देहात विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक फूल सिंह मीणा ने इसे सही साबित कर दिया है। 

विज्ञापन


बचपन में पिता की मौत के कारण खेती-बाड़ी करने के लिए कक्षा-7 में स्कूल छोड़ने वाले 59 साल के मीणा ने स्नातक डिग्री पाने को कॉलेज में छात्र के तौर पर अपना नामांकन कराया है। हाल ही में बीए प्रथम वर्ष की परीक्षा देने वाले मीणा ने दोबारा पढ़ाई शुरू करने का श्रेय अपनी चार बेटियों को दिया है, जिन्होंने अपने पिता को पढ़ाई पूरी करने के लिए प्रेरित किया था।

मीणा ने कहा कि उन्हें अपने क्षेत्र में आदिवासी बच्चियों को पढ़ाई के लिए स्कूल भेजने का अभियान चलाने के दौरान खुद भी पढ़ाई करने की आवश्यकता महसूस हुई। उनकी बेटियों ने भी उन्हें इसके लिए प्रेरित किया। उनका मानना है कि यदि जनप्रतिनिधि खुद पढ़ा-लिखा होगा तो वह जनता को भी इसके लिए प्रेरित कर पाएगा।
विज्ञापन


विधायक फूल सिंह ने बताया कि उन्होंने बेटियों के कहने पर वर्ष 2013 में ओपन बोर्ड से कक्षा 10 का परीक्षा फार्म भरा था, लेकिन विधायक के तौर पर जिम्मेदारियों से घिरे रहने के कारण उस साल परीक्षा नहीं दे पाए थे। इसके बाद उन्होंने 2016 में कक्षा-10 की परीक्षा उत्तीर्ण की और अगले साल कक्षा 12 की परीक्षा भी पास कर ली।

80 फीसदी नंबर लाने पर कराते हैं विमान यात्रा

विधायक मीणा खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान से प्रेरित बताते हैं। उन्होंने अपने क्षेत्र में एससी/एसटी लड़कियों को स्कूल जाने के लिए प्रेरित करने का अनोखा तरीका निकाला है। 

उन्होंने सेकेंडरी या हायर सेकेंडरी में 80 फीसदी से ज्यादा अंक लाने वाली लड़कियों को विमान से जयपुर तक की फ्री यात्रा का मौका मिलने की घोषणा की थी। 

मीणा बताते हैं कि 2016 में 2 और 2017 में 6 छात्राएं इतने अंक लाकर विमान से जयपुर गई थीं, जहां उन्हें मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया और उनके कैबिनेट सहयोगियों ने सम्मानित किया था। साथ ही उन्हें विधानसभा का भी दौरा करने का मौका मिला था। उन्होंने कहा कि इस कारण लड़कियों की पढ़ाई का स्तर सुधरा है। मीणा इस साल सामान्य जाति की लड़कियों को भी विमान में घुमाने की घोषणा की है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें