जल जीवन मिशन के तहत देश के 50.07% ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन मिल गया। तीन साल से भी कम समय में हर घर जल का आंकड़ा 3.23 करोड़ से 9.57 करोड़ पर पहुंच गया। अब देश के 50 प्रतिशत से अधिक ग्रामीण परिवारों के पास नल कनेक्शन है। हालाकि, राजस्थान में जल जीवन मिशन की गति बेहद धीमी है। राज्य में 24.05% ग्रामीण परिवारों तक ही नल से जल पहुंचाया जा सका है। मिशन की शुरुआत के दौरान 11.11% ग्रामीण आवास नल कनेक्शन से जुड़े थे। यह जानकारी केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बुधवार को दी।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने हाल ही बताया था कि राजस्थान काम की गति के हिसाब से 33 प्रदेशों में 32वें और ओवरऑल कवरेज में 29वें नंबर पर है। उन्होंने कहा, राजस्थान सरकार दो साल आपसी खींचातान में लगी रही। चार-पांच सचिव बदल दिए गए। जिस गति से काम करना चाहिए था, उस तरह से नहीं किया गया। इससे प्रदेश जल जीवन मिशन में पिछड़ गया है। उन्होंने बताया कि योजना के लिए सरकार को 27 हजार करोड़ रुपये अब तक आवंटित किए जा चुके हैं।
बतादें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2019 को लालकिले की प्राचीर से जल जीवन मिशन की घोषणा की थी। उन्होंने 2024 तक देश के सभी 19.32 करोड़ ग्रामीण परिवारों को नल से शुद्ध जल की आपूर्ति करने का लक्ष्य तय किया था। जल जीवन मिशन की घोषणा के समय देश में 3.23 करोड़ ग्रामीण आवासों में नल से जल की आपूर्ति हो रही थी। शेखावत ने कहा, मिशन शुरू होने के कुछ महीने बाद कोरोना महामारी आ गई। इसके बाद भी हमने तीन साल से कम समय में देश के 6.34 करोड़ से अधिक ग्रामीण परिवारों को जल की आपूर्ति सुनिश्चित की है।
गोवा, तेलंगाना समेत कई राज्यों में 100% नल कनेक्शन
शेखावत ने कहा, गोवा, तेलंगाना, हरियाणा, अंडमान और निकाबार द्वीप समूह, पुडुचेरी, दमन व दीव और दादरा नगर हवेली ऐसे राज्य और केंद्रशासित प्रदेश हैं, जहां 100 फीसदी नल कनेक्शन लगाए जा चुके हैं। गुजरात, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, बिहार में 90% से अधिक ग्रामीण आवासों को नल कनेक्शन से जोड़ा जा चुका है। सिक्कम में 85% तो महाराष्ट्र, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, उत्तराखंड, आंध्रप्रदेश, जम्मू-कश्मीर, त्रिपुरा और कर्नाटक में 50% से अधिक ग्रामीण घरों में नल से जल पहुंचने लगा है।
लद्दाख की दुर्गम पहाड़ियों पर भी पहुंचा नल से जल
लद्दाख, हिमाचल, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर की दुर्गम पहाड़ियों तक नल से जल पहुंच चुका है। केंद्रीय मंत्री शेखावत ने दो दिन पहले सोशल मीडिया पर लद्दाख का वीडियो शेयर किया था, जिसमें सुदूर पहाड़ी इलाकों में खच्चरों पर लादकर पानी की पाइप और अन्य जरूरी सामान पहुंचाया जा रहा था।