चुनावी मौसम में रामविलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। लोजपा राजस्थान में भाजपा गठबंधन से 15 सीटों की मांग कर रही है। इस संदर्भ में उन्होंने अपने केंद्रीय नेता रामविलास पासवान को बीजेपी से बात करने के लिए अधिकृत किया है। राजस्थान के लोजपा नेताओं ने धमकी दी है अगर गठबंधन नहीं हुआ तो पार्टी 200 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और दलित वोट बैंक भाजपा के हाथ से खिसक जाएगा।
राजस्थान में इससे पहले लोजपा झुंझुनू की एक सीट जीत चुकी है। इसके साथ ही लोकसभा चुनाव में भी बीजेपी की हार का कारण बन चुकी है। एक बार फिर लोजपा राजस्थान के अलवर, जयपुर, आदर्श नगर जैसी कई महत्वपूर्ण सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है।
दलित वोट बैंक को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हैं। चाहे बसपा हो या लोजपा, दोनों ही अपने वोट बैंक को लेकर केंद्रीय नेतृत्व और आम लोगों के बीच अपनी अपनी उपस्थिति दर्ज कराने में लगे हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि आखिर दलित वोट बैंक किसके कहने पर किसे वोट देता है।