कांग्रेस को मियाद पूरी कर चुकी पार्टी करार देते हुए भाजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा है कि गुटों में बंटी कांग्रेस राजस्थान में मुख्यमंत्री पद का चेहरा पेश करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे में लोग विपक्षी पार्टी के ‘दुष्प्रचार के झांसे’ में नहीं आयेंगे और भाजपा को एक बार फिर जनादेश देंगे।
मेघवाल ने कहा कि हमारा नेता स्पष्ट है, पार्टी एकजुट है। राजस्थान में कांग्रेस अब तक अपना नेता नहीं चुन पाई है। कांग्रेस का नेता और नीति दोनों अस्पष्ट और दिशाभ्रमित हैं। अब तक स्पष्ट नहीं है कि अशोक गहलोत, सचिन पायलट में से कौन मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार है, या किसी और को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया जाएगा।
भाजपा में गुटबाजी की खबरों को निराधार बताते हुए जल संसाधन एवं नदी विकास राज्य मंत्री ने कहा कि हम वसुंधरा जी के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा मुख्यमंत्री के विकास और सुशासन के नारे के साथ जनता के बीच जा रही है। भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी एकजुट है। कहीं भी असंतोष नहीं है।
मेघवाल ने दावा किया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र और राज्यों की सरकारों ने अपने अब तक के कार्यकाल में लोगों को न केवल पारदर्शी और स्वच्छ प्रशासन दिया है, बल्कि रिकॉर्डतोड़ विकास कार्य भी करवाए हैं। कुछ चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों में कांग्रेस को जीत का अनुमान जताए जाने के बारे में बीकानेर से भाजपा सांसद ने कहा कि सर्वे में भाजपा की स्थिति लगातार बेहतर हो रही है और टिकटों की घोषणा के बाद परिदृश्य पूरा बदल जाएगा।