एक दिन की छुट्टी पर आया था जवान।
- फोटो : सोशल मीडिया
Rajasthan: राजस्थान में वायुसेना के जवान ने आत्महत्या कर ली। वह जम्मू में तैनात थे और एक दिन छुट्टी लेकर घर आए थे। आत्महत्या से पहले जवान ने एक सुसाइड नोट भी लिखा है। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। जवान ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि वायुसेना की नौकरी सम्मान वाली नौकरी है, लेकिन मैं आत्महत्या जैसा कायर कदम उठा रहा हूं। मेरे अधिकारियों से कहना कि मुझे सांप ने डंस लिया है। उन्हें यह न बताया जाए कि मैंने आत्महत्या की है। इसके अलावा जवान ने लिखा कि मेरी मौत के बाद ससुराल वालों को नहीं बुलाना।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मामला सिरोही के कालंद्री कस्बे का है। बैजनाथ कॉलोनी में रहने वाले निर्मल कुमार (30) पुत्र वीसाराम मेघवाल ने वायुसेना में थे। वर्तमान में निर्मल की पोस्टिंग जम्मू थी। वह बीती दो को अक्टूबर छुट्टी लेकर अपने घर आए थे। बीते सोमवार को उन्होंने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। काफी देर बात जब मां कमरे में गई तो निर्मल फंदे पर झूल रहा था। बेटे को लटका देख मां जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हैरान रह गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और निर्मल के शव को उतार कर अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मंगलवार को पीएम के बाद जवान निर्मल का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। एयरफोर्स के जवानों ने उन्हें श्मशान में सलामी दी और उसके बाद अंत्येष्टि की गई। इधर, परिजनों ने कालंद्री थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में ससुराल वालों और निर्मल की पत्नी पर कई आरोप लगाए हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि साल 2019 में निर्मल की शादी शिवगंज की रहने वाले हेमलता के साथ हुई थी। वह निर्मल के साथ जम्मू में ही रहती थी। एक महीने पहले वह हेमलता को मायके छोड़ गया था। परिजनों का आरोप है कि निर्मल की पत्नी हेमलता और उसके ससुराल वाले उसे परेशान कर रहे थे। मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर उसने आत्महत्या कर ली। निर्मल और हेमलता के अभी कोई बच्चा नहीं है।
जवान निर्मल कुमार ने अपना सुसाइड नोट 50 रुपये के स्टांप पर लिखा है। जिसमें उसने कहा- एयरफोर्स की नौकरी सम्मान की होती है, जिससे मैं बहुत खुश हूं, लेकिन मैं कायरता पूर्ण काम कर रहा हूं। आत्महत्या करने के लिए मैंने एक दिन की छुट्टी लेकर घर आया था। मेरे अधिकारियों को बताना कि मुझे सांप ने डंस लिया है। आत्महत्या की बात उन्हें न बताई जाए। मेरी मौत के बाद मेरी ससुराल से किसी को भी न बुलाया जाए। मेरे बैंक खाते में काफी रुपये हैं, जरूरत पड़ने पर निकाल लेना। बताया जा रहा है कि पुलिस को निर्मल की एक डायरी भी मिली है, जिसमें वह रोज की बातें लिखा करते थे। ऐसे में इस डायरी से निर्मल की निजी जिंदगी की कई बातें और वह क्यों परेशान था, यह भी सामने आ सकता है।