राजस्थान में उपचुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी का दौर शुरू है। इसी दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने मंगलवार को कानून व्यवस्था को लेकर राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी पार्टी को वोट देना अपराध बढ़ाने का लाइसेंस देने के समान है।
वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव से पहले रैलियों को संबोधित करते हुए, सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को बताना चाहिए कि उन्होंने कोरोना वायरस संकट के दौरान कितनी बार निर्वाचन क्षेत्र का दौरा किया।
सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अब तक अपने तीन साल के शासन के दौरान 18 महीने तक अपना आवास नहीं छोड़ा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के शासन में विकास कार्य ठप हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को वोट देना अपराध और कुशासन में वृद्धि का लाइसेंस है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मंत्री सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करके चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन लोग उनकी सच्चाई जानते हैं और उनके झूठे वादों के झांसे में नहीं आने वाले हैं।
राजस्थान के वल्लभनगर (उदयपुर) और धारियावाड़ (प्रतापगढ़) क्षेत्रों में मतदान 30 अक्तूबर को होगा और मतगणना दो नवंबर को होगी।