लोकसभा चुनाव के लिए राजस्थान में चुनाव प्रचार का शंखनाद करने वाले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी रैली के बाद एक खास तरह की वार्ता करेंगे।
यहां देवली में 10 मार्च की रैली के बाद राहुल सीधे बीकानेर के श्रीकोलायत में खनन मजदूरों से मुलाकात करेंगे। कांग्रेस आलाकमान ने इसके लिए एक हजार खनन श्रमिकों को जुटाने के निर्देश दिए हैं।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार श्रमिकों से मुलाकात के लिए सर्वे कराया गया था। श्रीकोलायत एवं इसके आस-पास के क्षेत्रों में जिप्सम, मुल्तानी मिट्टी, कोयला, बजरी व पत्थर का खनन होता है।
सैकड़ों परिवार इस काम में लगे हुए हैं। राहुल यहां दो घंटे तक मजदूरों की समस्या सुनेंगे। वे उनके रहन-सहन के साथ ही समस्याओं व जरूरतों को जानने का प्रयास करेंगे।
कांग्रेस पार्टी और जिला प्रशासन ने इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम के अनुसार देवली में रैली व सभा के बाद राहुल दोपहर 2 बजे श्रीकोलायत पहुंचेंगे।
इधर, देवली में राहुल की रैली और सभा के लिए भी तैयारियां जोर शोर से चल रही है। कांग्रेस ने राहुल को सुनने के लिए अपने नेताओं से भारी संख्या में जनबल जुटाने का निर्देश दिया है।