कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी इन दिनों राजस्थान दौरे पर हैं।
बुधवार को बीकानेर पहुंचे राहुल ने नेताओं से फीडबैक लिया और पार्टी की स्थिति सुधारने पर चर्चा की।
हालांकि राहुल के सामने नेता आपसी खींचतान छिपा नहीं पाए।
यहां तक कि पूर्व मंत्री और राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष बीडी कल्ला पर भी पिछले विधानसभा चुनावों में पार्टी के उम्मीदवार की खिलाफत करने के आरोप लगाए गए।
इधर, युवा नेताओं ने इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में दस प्रतिशत युवा उम्मीदवारों को टिकट देने की मांग की। बैठक में सांसद और विधायकों से कार्यकर्ताओं के बीच की दूरी भी चर्चा और चिंतन का विषय रही।
राहुल गांधी के दौरे से पहले कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व ने नेताओं से संयम बरतने के लिए कहा था, लेकिन नेताओं ने उनके सामने खुलकर बातें रखीं।
राहुल की बैठक में पश्चिमी व उत्तरी राजस्थान सहित 15 जिलों के नेता शामिल हुए। बैठक में राहुल का जोर पार्टी को ब्लॉक स्तर मजबूत करने पर रहा है।
वह ब्लॉक स्तर के कार्यकर्ता को ज्यादा अधिकार और भूमिकाएं देने के पक्ष में बोले। राहुल जयपुर के बिड़ला सभागार में बृहस्पतिवार को पूर्वी, दक्षिणी एवं मध्य राजस्थान के 16 जिलों के नेताओं से फीडबैक लेंगे।