चार दिवसीय ग्रुप आर्ट एग्जीबिशन की शुरुआत 17 सितंबर को होगी
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान की राजधानी जयपुर में अदिरा ग्रुप क्विंटेसेन्स द कलर्स ऑफ क्रिएटिव सोल्स का आयोजन कर रहा है। ललित कला अकादमी में आयोजित होने वाले इस चार दिवसीय ग्रुप आर्ट एग्जीबिशन की शुरुआत 17 सितंबर को होगी। यह आर्ट शो 20 सितंबर तक चलेगा।
शो का उद्घाटन 17 सितंबर को शाम पांच बजे ललित कला अकादमी के चेयरपर्सन लक्ष्मण व्यास करेंगे। इस अवसर पर वरिष्ठ आईएएस केके पाठक गेस्ट ऑफ ऑनर होंगे। इस ग्रुप शो की क्यूरेटर अदिति अग्रवाल (फेदर आर्टिस्ट) और इरा टाक (राइटर-आर्टिस्ट) हैं। इस कला प्रदर्शनी में दिल्ली, मुंबई, पंजाब, राजस्थान समेत देश के विभिन्न राज्यों से कलाकार शिरकत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस कला प्रदर्शनी में दिल्ली, मुंबई, पंजाब, गुजरात, राजस्थान समेत देश के विभिन्न राज्यों से कलाकार शिरकत कर रहे हैं। दिल्ली से अंशुल गुप्ता शो में पार्टिसिपेट कर रही हैं जिनके लिए कला ही जीवन हैं। वह ऐसी कलाकृति पर काम कर रही हैं जो सबसे अलग और असाधारण हो।
दिल्ली से एल्फी कुमार घुंघरू पर आधारित पेंटिंग बनाती हैं। पटियाला से हिमानी आहूजा ने श्री यंत्र और श्री चक्र पर पेंटिंग्स बनाई हैं। वह आर्ट रेस्टोरेशन का काम भी करती हैं। मुंबई से प्रीति सेठी कन्या भ्रूण हत्या पर अपना इंस्टॉलेशन भेज रही हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की पुत्रवधु हिमांशी गहलोत भी इस कला प्रदर्शनी में प्रतिभागी के रूप में शामिल हैं। उनकी पेंटिंग राष्ट्रीय पक्षी मोर पर आधारित है। जयपुर से योगेश नरुला, पूजा भार्गव, भारती आर्या, मोनिका पारीख, मेघना शर्मा आदि कलाकार भी इस आर्ट शो में शामिल हैं। शो के माध्यम से कलाकारों को राजस्थान ललित कला अकादमी से जुड़ने का मौका मिलेगा। कलाकारों के प्रोत्साहन के लिए कुछ पुरस्कार भी रखे गए हैं। कला प्रदर्शनी सुबह 11:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में सभी पेंटिंग्स और फोटोग्राफ्स बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगी।