सांगानेर सीट पर प्रत्याशी बदलने का विरोध
जयपुर की सांगानेर सीट से भाजपा ने विधायक अशोक लाहोटी का टिकट काट दिया। उनकी जगह भजनलाल शर्मा को टिकट दिया गया है। लाहोटी का टिकट कटने से नाराज उनके समर्थकों ने रविवार को भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने टायर में भी आग लगा दी।
बूंदी: अशोक डोगरा का विरोध, पुतला फूंका
अशोक डोगरा को भाजपा ने बूंदी सीट से प्रत्याशी बनाया है। डोगरा यहां से लगातार चुनाव जीत रहे हैं। शनिवार को सूची में उनका नाम सामने आने के बाद विरोधी गुट ने डोगरा का विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान नारेबाजी कर उनका पुतला भी फूंका गया।
उदयपुर: सिंघवी बोले- तो आर-पार की लड़ाई होगी
यहां से भाजपा ने ताराचंद जैन को उम्मीदवार बनाया है। जैन का नाम सामने आने के बाद उप महापौर पारस सिंघवी ने खुलकर अपनी बात रखी और असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया को भी निशाने पर लिया। सिंघवी ने कहा कि कटारिया उदयपुर की राजनीति को दूषित कर रहे हैं। जिस ताराचंद जैन को टिकट दिया गया है उन्होंने पांच साल पहले पार्टी को हराने का काम किया था। पार्टी अपने फैसले पर फिर से विचार करें नहीं तो आर-पार की लड़ाई लड़नी होगी।
अलवर में भी लगे भाजपा के खिलाफ नारे
भाजपा ने अलवर शहर से लगातार दूसरी बार संजय शर्मा को टिकट दिया गया है। शर्मा का नाम सामने आते ही कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान भाजपा और ओम माथुर के खिलाफ नारे लगाए गए। साथ ही शर्मा का पुतला भी फूंका गया।