प्राइवेट डॉक्टर्स कर रहे आरटीएच का विरोध।
- फोटो : अमर उजाला
राइट टू हेल्थ बिल के विरोध में प्राइवेट हॉस्पिटल एसोसिएशन दौसा के अध्यक्ष डॉ दिनेश पारीक के नेतृत्व में डॉक्टर्स ने रविवार को विशाल रैली। रैली के दौरान डॉक्टर्स ने RTH बिल के विरोध में सीएम अशोक गहलोत और मंत्री परसादी लाल मीणा के खिलाफ नारे लगाए। नारेबाजी के दौरान डॉक्टर्स ने उन्हें आरटीएच के दलाल तक कह दिया।
इधर, राजस्थान सरकार और प्राइवेट अस्पतालों के डॉक्टर्स के बीच वार्ता विफल हो गई है। जयपुर में डॉक्टर्स शासन सचिवालय से जयपुर मेडिकल एसोसिएशन सभागार ( JMA) के लिए रवाना हो गए हैं।
मंत्री मुरारी लाल मीणा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सामने लगाए नारे
यह रैली जब दौसा शहर के गांधी सर्किल पहुंची, तो टकराव के हालात बनते बनते बचे। क्योंकि एक तरफ डॉक्टर्स रैली निकाल रहे थे, दूसरी तरफ गांधी सर्किल पर ही कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता वहां मंत्री मुरारी लाल मीणा के नेतृत्व में धरने पर बैठे थे। राहुल गांधी को लोकसभा सदस्यता से अयोग्य ठहराने के खिलाफ कांग्रेस नेता विरोध में धरना दे रहे थे।
डॉक्टर्स और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में टकराव होते-होते बचा
कांग्रेसी नेताओं को देखकर डॉक्टर्स का गुस्सा फुट गया। डॉक्टर्स ने मंत्री मुरारी लाल मीणा के सामने ही मुख्यमंत्री गहलोत और मंत्री परसादी लाल मीणा के खिलाफ जमकर नारे लगाए। लेकिन मंत्री मुरारीलाल और उनके समर्थक कांग्रेस नेताओं ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। मुरारीलाल मीना पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के समर्थक माने जाते हैं और उन्हीं के खेमे से आते हैं। चुप्पी साध लेने के कारण, इसीलिए डॉक्टर्स और कांग्रेसियों में टकराव पैदा नहीं हुआ।
27 और 28 मार्च को 2 घंटे कार्य बहिष्कार
राज्य के प्राइवेट अस्पतालों के डॉक्टर्स के आंदोलन का समर्थन और सेवारत चिकित्सकों की पेंडिंग मांगों को लेकर 27 और 28 मार्च को प्रदेश के सरकारी सेवारत डॉक्टर्स ने भी 2 घंटे कार्य बहिष्कार करने और मांगों पर वार्ता नहीं होने पर 29 मार्च 2023 को सामूहिक अवकाश पर रहने का ऐलान कर दिया है। सभी सेवारत चिकित्सकों को अखिल राजस्थान सेवारत चिकित्सक संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ लक्ष्मण सिंह ओला और महासचिव दुर्गा शंकर सैनी ने आग्रह किया है कि 27 मार्च को जयपुर पहुंचे और IMA की रैली में ज्यादा से ज्यादा संख्या में शामिल हों। हालांकि इमरजेंसी और ICU सेवाओं को बहाल रखते हुए जयपुर पहुंचने की बात कही गई है।