जयपुर स्थित निम्स विश्वविद्यालय परिसर में फार्मेसी कॉलेज प्राचार्य ने अपने कक्ष में डी. फर्मा की एक विदेशी छात्रा से छेड़छाड़ की घटना सामने आई है।
छात्रा ने महिला सलाहकार केन्द्र के प्रयास से जयपुर ग्रामीण महिला थाने में मामला दर्ज कराया है। डी फार्मा द्वितीय वर्ष की छात्रा ने शिकायत की है कि परीक्षा में अच्छे नंबर दिलाने का लालच देकर प्राचार्य गोविंद मोहन ने छेड़छाड़ की।
दो महीने पूर्व गत दिसम्बर में कॉलेज की परीक्षाएं हुई थीं। छात्रा प्राचार्य के कक्ष में अंकों की जानकारी लेने गई थी। प्राचार्य ने छात्रा से छेड़छाड़ शुरू कर दी, तो वह कक्ष से बाहर आ गई।
छात्रा के अनुसार इस संबंध में विवि के चांसलर को शिकायत की, लेकिन कुछ नहीं हुआ। पिछले सप्ताह छात्रा कॉलेज में जींस पहनकर पहुंची, तो प्राचार्य ने कक्षा से बाहर निकाल दिया और भला-बुरा भी कहा।