श्रीगंगानगर के समेजा कोठी के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य ने स्कूल के पंखे से फांसी लगा ली। बच्चे स्कूल पहुंचे तो प्रधानाचार्य के शव को पंखे से लटकते देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर रायसिंहगरनगर के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
विज्ञापन
समेजा कोठी थाना के भोम सिंह ने बताया कि गुरुवार को सुबह सूचना मिली कि प्रधानाचार्य कक्ष में कमरा अंदर से बंद है। प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह का शव पंखे से लटक रहा है। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पंखे से उतारकर राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। प्रधानाचार्य द्वारा स्कूल में आत्महत्या किए जाने के कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है। मौके पर किसी भी प्रकार का कोई सुसाइड नोट आदि बरामद नहीं हुआ है।
दो साल पहले हुआ था यहां ट्रांसफर
मूल रूप से हनुमानगढ़ जिले के भादरा का रहने वाला महेंद्र सिंह स्कूल में प्रधानचार्य के पद पर कार्य कर रहा था। 30 वर्षीय महेंद्र सिंह अविवाहित था। दो साल पहले ही वह ट्रांसफर होकर इस स्कूल में आया था। वह यहां अपनी मां के साथ रहता था। सुबह जब स्कूल खुली तो बच्चों ने जब अंदर झांका तो अंदर प्रधानाचार्य के शव को लटकता हुआ देखा और स्टाफ को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल, पुलिस ने प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह के हनुमानगढ़ स्थित परिजनों को सूचित किया है और मामले की जांच कर रही है ।