राजस्थान के धौलपुर जिले के कौलारी थाना इलाके के पूठपुरा गांव में माता मंदिर के पुजारी का शव सड़क किराने पड़ा मिला। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर शव को बसई नवाब राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया। मृतक पुजारी के प्राइवेट पार्ट पर चोट के निशान मिले हैं। वहीं, परिजनों ने पुजारी की हत्या की आशंका जताते हुए केस दर्ज कराया है।
जानकारी के मुताबिक पूठपुरा गांव के रहने वाले पुजारी टीकाराम पुत्र भगवत सिंह कुशवाह (70) कई साल से माता मंदिर के पुजारी थे। शनिवार सुबह पुजारी टीकाराम की लाश सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में पाई गई है। सुबह ग्रामीणों ने लाश सड़क किनारे पड़ी देखी तो हड़कंप मच गया। सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद घटना की सूचना कोलारी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार मृतक पुजारी टीकाराम के प्राइवेट पार्ट और कनपटी पर चोट के निशान मिले हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए केस दर्ज कराया है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।