अर्जुन टैंक पर सवार हुईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रपति और सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर द्रौपदी मुर्मू शनिवार को जैसलमेर जिले के पोखरण के दौरे पर रहीं। इस दौरान उन्होंने सेवारत डेजर्ट कोर के सैनिकों के साथ बातचीत की।
राष्ट्रपति ने फायरपावर अभ्यास देखा जिसमें नई पीढ़ी के हथियार समेत विभिन्न हथियार प्लेटफार्मों द्वारा जटिल युद्धाभ्यास शामिल था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अर्जुन टैंक की सवारी कर उसकी शक्ति और युद्ध क्षमता का प्रत्यक्ष अनुभव भी किया।
भारतीय सेना के जवानों के साथ बातचीत करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनके साहस, बलिदान और राष्ट्र सेवा में योगदान के लिए उनकी सराहना की। साथ ही भारतीय सेना के सभी रैंकों की प्रतिबद्धता और हर समय तैयारियों के उच्चतम मानकों की भी सराहना की।
इससे पहले दक्षिणी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल एके सिंह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत किया। इस मौके पर राज्यपाल कलराज मिश्र, सैन्य गणमान्य व्यक्तियों के अलावा और अन्य नागरिकगण भी उपस्थित थे।