प्रतापगढ़ जिले के धरियावद में सड़क हादसे में तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई। सलूंबर रोड पर लवकुश पेट्रोल पंप के पास रात करीब 9 बजे उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। हादसे में दो युवकों ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे की उदयपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। तीनों केसरियावद गांव के रहने वाले थे और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में एक सड़क हादसे ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। धरियावद में बाइक सवार तीन चचेरे भाई सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गए। टक्कर इतनी गंभीर थी कि दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। तीसरे युवक को गंभीर हालत में उदयपुर रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। एक साथ तीन युवकों की मौत से केसरियावद गांव में शोक छा गया।
विज्ञापन
सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से घुसी बाइक
हादसा सलूंबर रोड पर लवकुश पेट्रोल पंप के पास रात करीब 9 बजे हुआ। धरियावद थानाधिकारी हजारीलाल के अनुसार, तीनों युवक केसरियावद गांव से किसी पारिवारिक काम से धरियावद जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से जा टकराई। टक्कर के बाद तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो युवकों ने मौके पर तोड़ा दम
हादसे में केसरियावद के खजूर फला निवासी 30 वर्षीय कचरू मीणा पुत्र धूलिया मीणा और 23 वर्षीय केशूलाल पुत्र नागजी मीणा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 19 वर्षीय भेरूलाल पुत्र नया मीणा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए उदयपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
विज्ञापन
मजदूरी कर परिवार का गुजारा करते थे तीनों
केसरियावद के सरपंच उदयलाल ने बताया कि तीनों युवक गांव से धरियावद जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद धरियावद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। तीनों युवक मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। कचरू मीणा और केशूलाल विवाहित थे, जबकि भेरूलाल की शादी नहीं हुई थी।
कचरू माता-पिता का इकलौता बेटा था
इस हादसे ने एक परिवार को ऐसा गम दिया है, जिसकी भरपाई मुश्किल है। कचरू मीणा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। एक ही गांव के तीन चचेरे भाइयों की मौत की खबर मिलते ही केसरियावद में मातम छा गया। परिवारों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है।