राजस्थान बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने बुधवार को सीकर जिले के रींगस कस्बे में स्थित विश्व विख्यात भैरूं बाबा मंदिर पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की और प्रदेश में अमन चैन की दुआएं मांगी। जहां पर मंदिर पुजारियों सहित पूर्व चिकित्सा और स्वास्थ्य राज्यमंत्री बंशीधर बाजिया के नेतृत्व में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
सीकर जिले के रींगस में भैरूं बाबा मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लिया और अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार बताया। बीजेपी में चल रही गुटबाजी के बारे में बताते हुए कहा, बीजेपी में किसी प्रकार की गुटबाजी नहीं है। बीजेपी एक मुखी पार्टी है और अबकी बार पूर्ण बहुमत के साथ प्रदेश में सरकार बनाएगी।
इससे पहले सरगोठ जिला बॉर्डर, होटल रघु पैलेस सहित अनेक जगहों पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान सीकर सांसद सुमेधानंद सरस्वती, भाजपा जिला अध्यक्ष इंदिरा चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष विष्णु चेतानी, श्रीमाधोपुर के पूर्व विधायक झाबर सिंह खर्रा, रींगस भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र भातरा, एडवोकेट गिर्राज सिंह तंवर सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।