बीचबचाव करने पहुंची पुलिस टीम।
- फोटो : Amar Ujala Digital
भरतपुर के चिकसाना थाने पर तैनात एक कांस्टेबल पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। लोगों ने कांस्टेबल के पैर पर सरिये से कई वार किए। कांस्टेबल के पैर में गंभीर चोट आई हैं। फिलहाल कांस्टेबल को आरबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
कांस्टेबल की तरफ से सेवर थाने में मामला दर्ज करवाया गया है। वहीं, दूसरे पक्ष के लोगों ने भी कांस्टेबल के खिलाफ महिला से छेड़छाड़ और लूटपाट का मामला दर्ज करवाया है। मारपीट की घटना 23 मई की है। कांस्टेबल लखनलाल मीणा निवासी सवाई माधोपुर ने सेवर थाने में मामला दर्ज करवाते हुए बताया कि वह चिकसाना थाने में रीडर के पद पर तैनात है। वह रात आठ बजे अपनी ड्यूटी खत्म कर अपने क्वार्टर पर आया था, जहां से वह अपने दोस्त राजू मीणा के साथ सेवर बाईपास परिचित बंटी गुर्जर के होटल पर खाना खाने के लिए चले गए, लेकिन रीडर लखनलाल और राजू गलती से जेपी होटल पर पहुंच गए।
जेपी होटल पर बंटी के होटल के बारे में पूछा। जेपी होटल पर जयपाल गुर्जर निवासी बंजी उसका भाई और एक दोस्त मौजूद थे। जयपाल ने रीडर लखनलाल से कहा कि तू लखनलाल है न, जो उच्चैन थाने पर रहा है। तूने उच्चैन में हमारी बात नहीं मानी थी। जयपाल ने गलियां देते हुए लोहे की रॉड उठाकर लखनलाल के पैर में मार दी। इतने में जयपाल उसका भाई और दोस्त तीनों ने लाठी सरियों से रीडर लखनलाल पर हमला कर दिया। लखनलाल के चिल्लाने की आवाज सुनकर वहां होटल वाला बंटी आ गया और उसने लखनलाल को बचाया। बंटी ने घटना की सूचना सेवर पुलिस को दी, जिसके बाद रीडर लखनलाल को एंबुलेंस से अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
पुलिसकर्मी के खिलाफ हुआ मामला दर्ज
दूसरी ओर बंजी के रहने वाले योगेश ने पुलिसकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज करवाते हुए बताया कि वह आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे पर जेपी होटल चलाता है। 23 मई रात 10 बजे चिकसाना थाने का रीडर लखनलाल, बंटी और राजू होटल पर आए और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे। पैसे देने की मना करने पर तीनों नाराज होकर चले गए, जिसके बाद वह रात डेढ़ बजे फिर से आए। तब तक होटल बंद हो चुका था और सभी लोग सो गए थे। तीनों के हाथों में लाठी डंडे थे। तीनों होटल का गेट फलांग कर अंदर आ गए और हंगामा करते हुए कमरों की तलाशी लेने लगे। होटल के रूम नंबर 109 में मेहरुनिशा निवासी अलीगढ़ ठहरी हुई थी। तीनों उसके कमरे में घुस गए और उससे छेड़छाड़ करने लगे। जब महिला चिल्लाई तो योगेश और होटल का स्टाफ भागकर महिला के कमरे पर पहुंचा। महिला के कमरे का गेट अंदर से बंद था, जिसे तोड़कर होटल का स्टाफ अंदर गया। तीनों आरोपियों से महिला को छुड़ाया गया। जिसके बाद तीनों ने स्टाफ और होटल मालिक के साथ मारपीट की। तीनों ने 10 हजार रुपये और एक सोने की चेन लूट ली और फरार हो गए।