राजस्थान के धौलपुर जिले में पुलिस की अवैध खनन और बजरी माफियाओं के साथ मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच गोलीबारी भी हुई, पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे पूछताछ होगी।
दरअसल, धौलपुर जिले में अवैध खनन और बजरी माफियाओं की मनमानी की शिकायत मिल रही थीं। उन पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने चंबल के बीहड़ में अभियान चलाया था। इस कार्रवाई में दो ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़े गए हैं और उन्हें सीज कर दिया गया है और आरोपी के पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक केसर सिंह शेखावत ने बताया कि धौलपुर में सोमवार को बजरी माफियाओं पर नकेल लगाने के लिए सभी रास्तों पर नाकाबंदी कर चेकिंग की जा रही थी। एनएच तीन पर सागरपाड़ा पुलिस चौकी और चंबल नदी से गुजरने वाले रास्तों पर पुलिस बल निगरानी कर रहा था।
तभी सागरपाड़ा पुलिस चौकी के सामने चम्बल के बीहड़ में पुलिस को अवैध चम्बल बजरी से भरे हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली जाते हुए दिखाई दिए। फौरन क्यूआरटी टीम, डीएसटी टीम और कोबरा फोर्स ने बीहड़ में जाकर दबिश दी।
पुलिस को आता देख बजरी माफियाओ ने फायरिंग शुरू कर दी। मुठभेड़ के दौरान एक बजरी माफिया पुलिस पर फायरिंग करते हुए चम्बल के बीहड़ के टीले पर चढ़कर भागने लगा।
इसी दौरान डीएसटी फोर्स के जवान विष्णु ने बजरी माफिया का पीछा किया और उसे तमंचा लोड करने के दौरान उठाकर टीले से नीचे पटक दिया और पकड़ लिया। पकड़े गए बजरी माफिया के पास से पुलिस ने एक तमंचा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।