खेलो इंडिया में उत्कृष्ट उपलब्धियों और युवा खिलाड़ियों की बेहतर भागीदारी के लिए चूरू जिला कलेक्टर सिद्धार्थ सिहाग को प्रधानमंत्री अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में गुरुवार को आयोजित 15वें सिविल सर्विस डे समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चूरू के जिला कलेक्टर सिद्धार्थ सिहाग को ट्रॉफी और बीस लाख रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया।
खेल सुविधाओं का किया जाएगा विस्तार-जिला कलेक्टर
जिला कलेक्टर ने कहा कि जिले में खेल सुविधाओं में विस्तार करते हुए यह कोशिश की जाएगी कि जिले के खिलाड़ियों का प्रदर्शन भविष्य में और अधिक बेहतर हो। उन्होंने युवा खिलाड़ियों से कहा है कि वे अपनी फिटनेस पर और अधिक ध्यान देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करें और जिले व देश का नाम रोशन करें।
जिला कलेक्टर सिद्धार्थ सिहाग की पहल पर पोषण और स्वास्थ्य जागरुकता अभियान एक नवाचार के रूप में जिले में चलाया गया, जिसकी कमान प्रशिक्षु आईएएस डॉ धीरज सिंह ने संभाली। अभियान के दौरान स्वास्थ्य, पोषण से संबंधित मुद्दों के बारे में किशोर और पूर्व-किशोरावस्था के युवाओं में वांछित जागरुकता के लिए गतिविधियां आयोजित की गईं और स्वास्थ्य जांच के बाद जरूरत के अनुसार विद्यार्थियों को उपचार दिया गया।