पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को कराया शांत।
- फोटो : अमर उजाला
डीग जिले की कामां में मंत्री जाहिदा खान के खिलाफ लोगों का विरोध बढ़ता जा रहा है। बुधवार को लोगों ने मंत्री जाहिदा खान का जबरदस्त तरीके से विरोध किया।
घाटमीका संघर्ष समिति के लोगों ने विधायक जाहिदा खान को गांव में घुसने से रोकने के लिए टेंट भी उखाड़ दिया। लोगों ने कहा कि बिना किसी की परमिशन के ये कार्यक्रम किया जा रहा था। टेंट लगाने के लिए भी खेत मालिक की अनुमति नहीं ली गई थी। बताया गया कि विधायक जाहिदा खान अपने चुनावी कार्यक्रम और मोनू मानेसर की गिरफ्तारी का जश्न मनाने के लिए घाटमीका गांव आ रहीं थी।
उनके दौरे का विरोध कर रहे लोगों ने कहा कि जाहिदा खान यहां नहीं आ सकती। हमारे नौजवान मारे गए थे, उनका हमें दुख है। उन्हें अभी न्याय नहीं मिला है। जाहिदा का विरोध कर रहे लोगों को रोकने के लिए पुलिस भी मौके पर पहुंची। इस दौरान लोगों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। हालांकि, पुलिस ने समझाइश कर लोगों को शांत कराया। विरोध के कारण विधायक जाहिदा खान की सभा नहीं हो सकी।