राजस्थान के भरतपुर जिले में दलितों के साथ मारपीट और महिलाओं के कपड़े फाड़ने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दीपावली पर पटाखे चलाने पर दलित परिवार के लोगों के साथ मारपीट की साथ ही महिलाओं के कपड़े फाड़कर उन्हें सड़क पर घसीटा गया।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि विवाद का कारण पटाखे चलाना नहीं है। पुलिस ने बताया कि कुछ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बतादें कि दो दिन पहले राजस्थान में मारपीट से परेशान होकर 250 लोगों ने धर्म परिवर्तन कर दिया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मामला शहर के कैथवाड़ा थाना इलाके का है। दीपावली की रात धर्मशाल गांव के दलित परिवार के कुछ लोग पटाखे चला रहे थे। इस दौरान वहां कुछ लोग आए उनके साथ मारपीट करने लगे। मंगलवार सुबह भी कुछ दबंग लोग दलितों के घर पहुंचे और उनके साथ जमकर मारपीट कर दी।
दबंगों ने महिलाओं के कपड़े फाड़ दिए और उन्हें सड़क पर भी घसीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित परिवारों की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है। घायलों को अस्पातल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
दलित समाज के पीड़ित लोगों ने बताया कि धर्मशाल गांव में उनके समुदाय की आबादी कम है। इस कारण गांव के अन्य लोग उनके साथ गलत व्यवहार करते हैं। दीपावली की रात पटाखे चलाने को लेकर गांव के कुछ दबंग लोगों ने उनके साथ मारपीट की।
हालांकि मामले की जांच कर रही पुलिस ने कहा कि विवाद पटाखे चलाने को लेकर नहीं हुआ है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित पक्ष की गांव में किराना की दुकान है। सोमवार को एक व्यक्ति का किराना दुकान पर किसी चीज को लेकर विवाद हो गया था। जिसके बाद यह मामला बढ़ गया है।