टीटी की पिटाईसे घायल गिरिराज प्रसाद शर्मा।
- फोटो : Amar Ujala Digital
दौसा में एक रेलवे टीटी पर एक सवारी के साथ मारपीट का आरोप लगाया है। परिवादी पैसेंजर ने जीआरपी थाने में इसका मामला दर्ज कराया है। पैसेंजर को आंख के पास चोट भी लगी है। यह घटना बांदीकुई निवासी गिरिराज प्रसाद शर्मा के साथ हुई।
दौसा जिले के बांदीकुई निवासी गिरिराज प्रसाद शर्मा पुत्र नरेश चन्द शर्मा ने जीआरपी थाना बांदीकुई को एक रिपोर्ट देकर बताया है कि प्रतिदिन बांदीकुई से दौसा उसका आना-जाना रहता है। रोजाना की तरह 28 जून 2023 को मैं दौसा से बांदीकुई प्रयागराज ट्रेन से आ रहा था। मैं ट्रेन में खड़ा था। टीटी हेमराज मीना सभी को धक्का देकर आगे निकल रहे थे। मैंने उनको धक्का-मुक्की करने से मना किया, तो मुझे भी धक्का मारने लगे। मैंने विरोध किया तो वह मेरे साथ मारपीट करने लगे। उनके मुंह से शराब की दुर्गन्ध भी आ रही थी। मैंने फिर भी उनको पीटने से मना किया, लेकिन फिर भी वो मुझे शराब के नशे में मारे जा रहे थे। फिर मुझे आंख के ऊपर चोट लगने पर एसी कोच में ले गए और मुकदमा दर्ज नहीं करने के लिए मनाने लगे।
बोले कि मैं आपको खर्चा दे दूंगा, लेकिन आप मुकदमा दर्ज मत करना। उन्होंने मुझे ख़ुद का फोन नम्बर दिया। फिर इन्होंने मुझे बांदीकुई स्टेशन पर उतार दिया। मेरे सिर से खून निकलता देखकर आस-पास के लोगों ने मुझसे पूछा और मेरे घर पर सूचना देकर मेरे भाई को बुलाया। तब मेरा भाई मुझे थाने लाया और पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मेरा मेडिकल मुआयना कराया। मेरे साथ मारपीट करने वाले टीटी हेमराज मीना के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने का श्रम करें। पीड़ित युवक प्रार्थी गिरिराज प्रसाद शर्मा की उम्र 40 वर्ष है। वह सिंघल मोहल्ला बांदीकुई दौसा का रहने वाला है।
जीआरपी बांदीकुई थाने में परिवादी गिरिराज प्रसाद शर्मा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। चोट का मेडिकल भी करवा दिया है। अब इस मामले पर जीआरपी थाना बांदीकुई जांच करते हुए कार्रवाई में जुट गई है।