पाली के मारवाड़ जंक्शन थाना क्षेत्र में रविवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक कृषक युवक की मौत हो गई। मृतक की उम्र 21 साल थी, जो खेत में बुवाई के दौरान बीज खत्म होने पर और बीज लेने जाने के लिए बाइक पर रवाना हो ही रहा था कि यह हादसा हो गया।
मारवाड़ जंक्शन पुलिस के अनुसार, खारची गांव निवासी दिनेश पुत्र पन्नालाल चौधरी रविवार शाम खेत में अपने परिजनों के साथ बुवाई कर रहा था। इस दौरान बुवाई के लिए बीज खत्म होने पर वह और बीज लेने के लिए जा रहा था। वहां से रवाना होने के लिए जैसे ही वह खेत में ही खड़ी अपनी बाइक पर सवार हुआ, उसी वक्त बाइक पर आकाशीय बिजली गिर गई। इसके बाद उसके परिजन उसे तुरंत मारवाड़ जंक्शन अस्पताल लेकर गए, जहां पर चिकित्सकों ने दिनेश को मृत घोषित कर दिया।
शव मोर्चरी में, परिजन बेहाल...
आकाशीय बिजली गिरने से जवान बेटे की मौत से परिजन रो रोकर बेहाल हैं, जिसके चलते ग्रामीण उन्हें ढाढस बंधवाने में लगे हैं। वहीं, पुलिस ने मृतक के शव को मारवाड़ जंक्शन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।