फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान: 70 पर्यटकों को लेकर जयपुर पहुंची शाही ट्रेन 'पैलेस ऑन व्हील्स', 5.88 लाख रुपये है सात दिन का किराया

Thu, 12 Nov 2026 03:10 PM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला,जयपुर

सार

राजस्थान की शाही ट्रेन 'पैलेस ऑन व्हील्स' गुरुवार को करीब 70 पर्यटकों को लेकर जयपुर के गांधीनगर रेलवे स्टेशन पहुंची। इनमें 50 पर्यटक अमेरिका से हैं। सात रात और आठ दिन के इस सफर में जयपुर, रणथंभौर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, जैसलमेर, जोधपुर, भरतपुर और आगरा के प्रमुख पर्यटन स्थलों की सैर कराई जाती है।
विज्ञापन
70 पर्यटकों को लेकर जयपुर पहुंची शाही ट्रेन 'पैलेस ऑन व्हील्स' - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान की प्रसिद्ध शाही ट्रेन 'पैलेस ऑन व्हील्स' गुरुवार को करीब 70 पर्यटकों को लेकर जयपुर के गांधीनगर रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां स्थानीय लोक कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर पर्यटकों का स्वागत किया। पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में हुए स्वागत से विदेशी पर्यटक काफी उत्साहित नजर आए। कई पर्यटकों ने लोक कलाकारों के साथ नृत्य भी किया। इस यात्रा में सबसे ज्यादा 50 पर्यटक अमेरिका से आए हैं। इनके अलावा ब्रिटेन से तीन, न्यूजीलैंड से चार और इटली, बेल्जियम, फ्रांस व अजरबैजान से दो-दो पर्यटक शामिल हैं। भारत के पांच यात्रियों ने भी इस शाही सफर का आनंद लिया।

विज्ञापन

दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से शुरू होने वाली यह यात्रा पर्यटकों को राजस्थान की ऐतिहासिक विरासत, राजसी जीवनशैली और समृद्ध संस्कृति से रूबरू कराती है। सात रात और आठ दिन के इस सफर में पर्यटकों को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों के साथ आगरा का ताजमहल देखने का मौका भी मिलता है।

सात रात और आठ दिन में आठ पर्यटन स्थलों की सैर

'पैलेस ऑन व्हील्स' का सात रात और आठ दिन का विशेष टूर पैकेज है। यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार शाम दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना होती है और अगले बुधवार सुबह वापस दिल्ली पहुंचती है। इसके निर्धारित मार्ग में जयपुर, सवाई माधोपुर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, जैसलमेर, जोधपुर, भरतपुर और आगरा शामिल हैं। जयपुर में पर्यटक हवा महल, आमेर किला, सिटी पैलेस, जंतर-मंतर और अल्बर्ट हॉल की सैर करते हैं। इसके बाद सवाई माधोपुर में रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान की सफारी का आनंद लेते हैं। चित्तौड़गढ़ में ऐतिहासिक दुर्ग देखने के बाद उदयपुर की पिछोला झील में नौकायन करते हैं। वहीं जैसलमेर में रेगिस्तान के धोरों पर ऊंट सफारी और जोधपुर में मेहरानगढ़ दुर्ग का भ्रमण करते हैं। यात्रा के दौरान भरतपुर स्थित केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान भी दिखाया जाता है। इस शाही सफर का अंतिम पड़ाव आगरा होता है, जहां पर्यटक ताजमहल का दीदार करते हैं।

14 सैलून में राजसी ठाठ-बाट, दो खास रेस्तरां भी

शाही ट्रेन में पर्यटकों के आराम और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। इसके 14 सैलून राजस्थानी रियासतों की वास्तुकला से प्रेरित हैं। प्रत्येक सैलून में चार केबिन बनाए गए हैं। इनमें आरामदायक बेड, सोफा, निजी बाथरूम, एयर कंडीशनिंग, वाई-फाई और व्यक्तिगत बटलर की सुविधा उपलब्ध है।
ट्रेन में 'महाराजा' और 'महारानी' नाम से दो विशेष रेस्तरां भी हैं। यहां पर्यटकों को भारतीय, राजस्थानी, कॉन्टिनेंटल और चाइनीज व्यंजन परोसे जाते हैं। इसके अलावा सफर के दौरान आराम और मनोरंजन के लिए बार, लाउंज और स्पा की सुविधा भी दी गई है।

26 जनवरी 1982 को शुरू हुई थी शाही ट्रेन

राजस्थान की शाही जीवनशैली और ऐतिहासिक विरासत को पर्यटन से जोड़ने के उद्देश्य से 'पैलेस ऑन व्हील्स' की शुरुआत 26 जनवरी 1982 को हुई थी। तब से यह ट्रेन देश-विदेश के पर्यटकों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

विज्ञापन

वर्ष 2026-27 के पीक सीजन यानी अक्तूबर से मार्च के लिए जारी आधिकारिक दरों के अनुसार, डीलक्स केबिन में दो लोगों के ठहरने पर प्रति व्यक्ति किराया 83,936 रुपये प्रति रात है। इस हिसाब से सात रात की पूरी यात्रा का खर्च प्रति व्यक्ति करीब 5.88 लाख रुपये होता है। अकेले यात्रा करने वाले पर्यटक के लिए डीलक्स केबिन का किराया 1,29,086 रुपये प्रति रात निर्धारित है।
वहीं, सुपर डीलक्स केबिन के लिए 2.15 लाख रुपये, सुइट के लिए 2.36 लाख रुपये और प्रेसिडेंशियल सुइट के लिए 3.01 लाख रुपये प्रति रात किराया तय किया गया है। इन सभी दरों पर जीएसटी अलग से देना होता है। इसके अलावा क्रिसमस और नववर्ष के दौरान यात्रा करने पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क भी देना पड़ता है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें