लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सक्रिय गैंगस्टर हरि उर्फ हैरी बॉक्सर को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अमेरिकी एजेंसी आईसीई की हिरासत में मौजूद हैरी बॉक्सर को राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) की पहल पर भारत लाने के लिए वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अमेरिकी अदालत में कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे डिपोर्ट किया जाएगा। इसके बाद नई दिल्ली पहुंचते ही राजस्थान की टास्क फोर्स उसे अपनी हिरासत में लेकर पूछताछ करेगी। प्रत्यर्पण और न्यायिक औपचारिकताओं के चलते पूरी प्रक्रिया में करीब डेढ़ से दो महीने लगने का अनुमान है।
पुलिस को उम्मीद है कि हैरी बॉक्सर से पूछताछ में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क, विदेशी हथियारों की खरीद-फरोख्त और तस्करी के रास्तों से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिल सकती हैं। इसके अलावा विदेश में बैठकर आपराधिक गतिविधियां चलाने वाले गिरोह के सरगनाओं और भारत में सक्रिय गुर्गों के बीच के संपर्कों का भी पता लगाया जाएगा।
पूछताछ में खुलेगा विदेशी नेटवर्क और हथियारों की तस्करी का राज
हैरी बॉक्सर से पूछताछ के दौरान सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश करेंगी कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह तक विदेशी हथियार और अन्य संसाधन किस माध्यम से पहुंचाए जा रहे थे। पुलिस को गिरोह के अंतरराष्ट्रीय संपर्कों और हथियारों की अवैध खरीद-फरोख्त से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
इसके साथ ही विदेश में बैठकर गिरोह की आपराधिक गतिविधियों को संचालित करने वाले मुख्य सरगनाओं और स्थानीय स्तर पर काम करने वाले गुर्गों के बीच की सांठगांठ की भी जांच की जाएगी। माना जा रहा है कि उसकी पूछताछ से गिरोह के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और अपराधों को अंजाम देने के तरीके से जुड़े कई राज सामने आ सकते हैं।
मुक्केबाजी से शुरू हुआ सफर, फिर अपराध की दुनिया में बनाई पहचान
राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के चतरपुरा गांव निवासी हरिचंद जाट उर्फ हैरी का जयपुर से भी गहरा नाता रहा है। वह जयपुर में रहकर मुक्केबाजी का प्रशिक्षण लेता था। बाद में उसने खिलाड़ी के साथ-साथ कोच के रूप में भी काम किया। मुक्केबाजी से जुड़ाव के कारण ही अपराध की दुनिया में उसे बॉक्सर नाम से पहचान मिली।
प्रशिक्षण के दौरान वह असामाजिक तत्वों के संपर्क में आया और धीरे-धीरे लॉरेंस बिश्नोई तथा रोहित गोदारा गिरोह के रंगदारी नेटवर्क का अहम हिस्सा बन गया। वर्ष 2022 में वह भारतीय एजेंसियों को चकमा देकर विदेश भाग गया था। इसके बाद से वह विदेश में रहकर गिरोह की गतिविधियों से जुड़ा रहा।
22 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज
हैरी बॉक्सर के खिलाफ राजस्थान के अलग-अलग पुलिस थानों में 22 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, रंगदारी, अवैध हथियार रखने, संगठित अपराध और गंभीर मारपीट जैसे मामले शामिल हैं। जयपुर के नारायण विहार क्षेत्र में एक व्यवसायी को फोन पर जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने का मामला भी उसके खिलाफ दर्ज है। हैरी बॉक्सर को भारत लाने की इस कार्रवाई में पुलिस उपमहानिरीक्षक योगेश यादव के मार्गदर्शन में काम किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धांत शर्मा के नेतृत्व वाली परिचालन टीम और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरोत्तम लाल वर्मा के नेतृत्व वाली इंटरपोल टीम ने इसमें मुख्य भूमिका निभाई है।