झालावाड़ शहर में सोमवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। युवक बाइक से अपने दोस्त के साथ मामा भांजा फॉरेस्ट रोड पर जा रहा था, इसी दौरान बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार फायरिंग में युवक आरिश को गले में गोली लग गई, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में युवक को अस्पताल लाया गया, जिसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से आक्रोशित बड़ी संख्या में लोग अस्पताल के बाहर जमा हो गए।
पुलिस के आला अधिकारी व एसपी रिचा तोमर, एएसपी चिरंजीलाल मीणा, डीएसपी बृजमोहन मीणा सहित भारी पुलिस जाब्ता भी मौके पर पहुंचा। मृतक के शव को फिलहाल मोर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। वहीं पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं।