राजस्थान की जयपुर पुलिस ने सोमवार देर रात निर्दलीय विधायक ओमप्रकाश हुडला के भाई हरिओम मीणा को गिरफ्तार किया है। मीणा पर एमटीएस (मल्टी टास्किंग स्टाफ) भर्ती परीक्षा में असली अभ्यर्थी के स्थान पर डमी अभ्यर्थी को बैठाने का आरोप है। विधायक के भाई के अलावा पुलिस ने डमी कैंडिडेट शिव कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।
शिवदासपुरा थाना पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही जिस व्यक्ति के स्थान पर डमी कैंडिडेट को परीक्षा देने के लिए लाया गया था उसकी तलाश भी की जा रही है। दरअसल, सोमवार को एमटीएस भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी। शिवदासपुरा थाना क्षेत्र के वीआईटी कॉलेज परीक्षा केंद्र में पेपर देने पहुंचे डमी अभ्यर्थी को दस्तावेज में फोटो मिलान नहीं होने पर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना ऋषि कुमार निवासी उत्तर प्रदेश बताया।
उसने बताया कि वह उमेश कुमार नाम के अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने आया था। परीक्षा केंद्र तक उसे हरिओम मीणा आया था और उसी के कहने पर वह उमेश की जगह पेपर दे रहा था। जिसके बाद पुलिस ने परीक्षा केंद्र के बाहर से हरिओम मीणा को गिरफ्तार कर लिया।
हरिओम मीणा से पुलिस ने पूछताछ कि तो पता चला कि वह विधायक ओमप्रकाश हुडला का सगा भाई है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इसके पीछे कोई गिरोह का हाथ तो नहीं है। पुलिस असली अभ्यर्थी उमेश कुमार की भी तलाश रही है।