प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से जोधपुर, कोटा सहित कई शहरों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। वहीं मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को बादल जमकर बरसेंगे। इस दौरान पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के 18 जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
मौमस विज्ञान केंद्र जयपुर ने येलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वी राजस्थान के अजमेर, भरतपुर, जयपुर, कोटा, उदयपुर के अलावा पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर संभागों में अनेक स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। जिनके 18 जिलों में मंगलवार बादलों की गरज और बिजली की चमक के साथ भारी बारिश होगी।
आज इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार अजमेर, बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, झालावाड़, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सिरोही, टोंक, उदयपुर, पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जालोर, जोधपुर और पाली जिलों में भारी बरसात हो सकती है।
यहां हुई भारी बारिश
बारिश के अनुसार भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, जयपुर, अजमेर, सवाई माधोपुर, राजसमंद, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, कोटा, सिरोही, जोधपुर, पाली नागौर और जालौर जिलों में कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई है। पूर्वी राजस्थान में सर्वाधिक बारिश भीलवाड़ा शहर में अत्यंत भारी 205 एमएम, जबकि पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर तहसील में 175 एमएम बारिश दर्ज की गई है। गुरुवार से शुक्रवार से राज्य के कुछ भागों से धीरे-धीरे मानसून की गतिविधियों में कमी होने और उत्तरी भागों की ओर शिफ्ट होने की प्रबल संभावना है।