पुलिस ने गोली लगने से घायल तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि उनकी हालत में सुधार होने के बाद तीनों बदमाशों से पूछताछ की जाएगी।
राजस्थान के धौलपुर जिले में बदमाशों ने फायरिंग कर पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) से 4 लाख रुपये लूट लिए। लूट कर भाग रहे बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान तीन बदमाशों को गोली लगी, जिन्हें पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। फरार हुए तीन अन्य बदमाशों की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार दिहौली थाना क्षेत्र के मरैना कस्बे में स्थित पंजाब नेशनल बैंक में बुधवार को लंच के बाद 6 बदमाश घुस आए। बदमाशों ने बैंक के अंदर आते ही हवाई फायर किया और मैनेजर पर कट्टा तान दिया। इसके बाद 4 लाख रुपये लूटकर उत्तर प्रदेश की तरफ भागने लगे।
वारदात की जानकारी पुलिस को लगी तोमनियां सीओ दीपक खंडेलवाल के नेतृत्व में टीम ने बदमाशों की घेराबंदी की। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जवाबी फायरिंग में 3 बदमाशों को गोली लग गई। जिन्हें गिरफ्तार कर पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की निगरानी में ट्रॉमा वार्ड में बदमाशों का इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि हालत में सुधार होने के बाद तीनों बदमाशों से पूछताछ की जाएगी।