बांसवाड़ा में बच्चे को जन्म दिया
- फोटो : Social Media
बांसवाड़ा जिले के महात्मा गांधी अस्पताल में एक 9वीं की छात्रा ने बच्चे को जन्म दिया है। पेट दर्द की शिकायत पर नाबालिग को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जिसके बाद ऑपरेशन के बाद उसने बच्चे को जन्म दिया। बाल कल्याण समिति ने सदर थाने में रिपोर्ट दी है। जिसके बाद दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार सदर थाना क्षेत्र की एक लड़की को उसकी मां बांसवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल लेकर आई थी। डॉक्टरों ने पूछा तो बच्ची ने बताया कि उसको गैस की प्रॉब्लम हो रही है और पेट में दर्द है। जांच की गई तो डॉक्टरों के होश उड़ गए। नाबालिग के पेट में सात से आठ माह का भ्रूण मिला। डॉक्टरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष दिलीप रोकड़िया भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि काउंसलर के जरिए हमने पीड़ित बालिका और उसकी मां से बात की है। पीड़िता ने विजय नाम के एक शख्स के बारे में बताया है, जो खमेरा का रहने वाला है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
बाल कल्याण समिति की निगरानी में नवजात शिशु को रखा गया है क्योंकि पीड़ित परिवार ने बच्चे को अपनाने से इनकार कर दिया है। इस मामले को लेकर एसपी राजेश कुमार मीणा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही टीम गठित कर दी गई है। बालिका से पूछताछ भी की जाएगी। पुलिस आरोपी को पकड़ने में जुटी है।