कोटा शहर में फिर एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। छात्र रणजीत (22) प्रयागराज का रहने वाला था जो अगस्त 2022 से कुन्हाड़ी के लैंड मार्क सिटी में फ्रेंड्स हॉस्टल में रह रहा था। यहां वो मेडिकल एंट्रेस एग्जाम की तैयारी कर रहा था। छात्र के कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है। सुसाइड नोट में प्रेम प्रसंग का हवाला भी दिया गया है, जिससे प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग के चलते सुसाइड करना माना जा रहा है।
कुन्हाड़ी थानाधिकारी गंगा सहाय शर्मा ने बताया कि प्रयागराज यूपी का निवासी रणजीत (22) पिछले छह महीने से लैंड मार्क सिटी के फ्रेंड्स हॉस्टल में रह कर मेडिकल एंट्रेस की तैयारी कर रहा था। रोज की तरह सोमवार को रणजीत नीचे नहीं उतरा और न ही उसने नाश्ता किया। आश्चर्य की बात बात ये है कि छात्र रणजीत के पिता रतिभान भी आज ही अपने बेटे से मिलने कोटा आए। जब रतिभान उसके कमरे में गए तो रणजीत ने दरवाजा नहीं खोला। फिर रतिभान ने हॉस्टल संचालक कपिल को बुलाया। कपिल और छात्र के पिता रतिभान के लाख कोशिशों के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला। तब दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुए।
दरवाजा तोड़ा तो पैरो तले खिसकी जमीन
कमरे का नजारा देखकर रतिभान के पैरो तले जमीन खिसक गई। उनके बेटे रणजीत ने खुदकुशी कर ली थी। तब हॉस्टल संचालक कपिल ने कुन्हाड़ी थाने में सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की तलाशी ली। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला। सुसाइड में प्रेम प्रसंग की बात होने से अंदेशा लगाया जा रहा है की प्रेम प्रसंग के चलते ही छात्र रणजीत ने खुदकुशी की है।
पिता रतिभान से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि छात्र से उनकी सामान्य ही बात हुई है। आज उससे मिलने ही आया हूं, लेकिन क्या पता था की आने के बाद भी मिल नहीं पाऊंगा। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका एमबीएस हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम करवा कर शव को उसके पिता को सौंप दिया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को एकत्रित कर जांच शुरू कर दी है।