जूनियर राज्य तीरंदाजी चैंपियनशिप।
- फोटो : Amar Ujala Digital
राजस्थान तीरंदाजी संघ और सीएसटी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में सवाई माधोपुर में जूनियर और सब जूनियर राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता शहीद कैप्टन रिपुदमन सिंह महाविद्यालय के मैदान पर आयोजित हो रही है। प्रतियोगिता के दौरान आज विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाए गए।
मेडल सेरिमनी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांग्रेसी नेता लईक अहमद रहे। लईक अहमद ने अपने उद्बोधन में कहा कि सवाई माधोपुर में इस तरीके के आयोजन शहर के विकास में मजबूती प्रदान करते हैं। समारोह की अध्यक्षता जिला फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राठौड़ ने की। राठौड़ ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए अपने उद्बोधन में कहा कि तीरंदाजी खेल से सवाई माधोपुर में खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का एक अवसर मिलेगा। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में राजस्थान तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष हरिराम चौधरी रहे।
जूनियर राज्य तीरंदाजी चैंपियनशिप में रिकर्व, कंपाउंड और इंडियन राउंड के मुकाबले खेले गए। रिकर्व राउंड में बीकानेर प्रथम, सीएसटी फाउंडेशन द्वितीय, नागौर तृतीय स्थान पर रहे। वहीं, कंपाउंड स्पर्धा में जयपुर प्रथम, हनुमानगढ़ द्वितीय और तृतीय स्थान पर बीकानेर रहे।
राजस्थान तीरंदाजी संघ के महासचिव सुरेंद्र गुर्जर ने बताया कि राज्य तीरंदाजी चैंपियनशिप में 40 से अधिक अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज हिस्सा ले रहे हैं। जूनियर और सब जूनियर तीरंदाजी चैंपियनशिप में प्रदेश के 600 से अधिक तीरंदाज सवाई माधोपुर में हिस्सा लेने आ रहे हैं। प्रतियोगिता में राजस्थान तीरंदाजी संघ से प्रतिनियुक्ति निर्णय के रूप में, अनिल जोशी, दुष्यंत मिश्रा, सुनील चौधरी, भंवर लाल व्यास रहे।