राजस्थान में एक मौलवी ने मदरसे में बच्चों के पढ़ाई करने से मना करने पर उन्हें बेड़ियों से बांध दिया। अलवर जिले में स्थित इस मदरसे के मौलवी को मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है।
मौलवी पर मामला दर्ज करने के साथ ही आठ बच्चों को बेड़ियों से मुक्त किया गया। पुलिस के मुताबिक नाबालिग बच्चों को पशुओं को बांधने वाली लोहे की बेड़ियों से बांधा गया था।
पुलिस ने बताया कि मामले का खुलासा तब हुआ, जब दो बच्चे शाहिद और मुशर्रफ मौका पाकर मदरसे से बेड़ियों सहित भाग निकले और रेलवे स्टेशन की ओर आ गए। यहां लोगों ने बच्चों को बेड़ियों में बंधे देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद पुलिस बच्चों की निशानदेही पर मदरसा पहुंची और बेड़ियों में बंधे आठ बच्चों को मुक्त किया। बच्चों ने बताया कि वे मदरसे से भागकर अपने घर चले गए थे, लेकिन परिजन उन्हें फिर वापस यहां ले आए। इसके बाद से मौलवी बच्चों को लोहे की बेड़ियों में बांधकर मदरसे में रख रहा था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।