धौलपुर में 64वें शहीद दिवस के मौके पर जिला पुलिस की ओर से शहीदों के सम्मान में मार्च पास्ट कर सलामी दी गई। कार्यक्रम के दौरान एसपी मनोज कुमार ने वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। जिसके बाद पुलिस लाइन में 96 चक्र फायरिंग कर शहीदों को सम्मान दिया गया। धौलपुर जिले के 4 शहीद पुलिसकर्मी एएसआई बाबूलाल, एएसआई विमल कुमार, हेड कॉन्स्टेबल महेंद्र सिंह और कॉन्स्टेबल राजेंद्र सिंह के परिजनों को सम्मानित करने के बाद पुलिस लाइन में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसके तहत पुलिस लाइन के गार्डन एरिया में अलग-अलग तरह के पौधे लगाए गए।
हर साल 21 अक्टूबर को मनाया जाता है कार्यक्रम
पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लाइन के मेजर अजब सिंह और एएसआई मोहन सिंह ने बताया कि 64 साल पहले 21 अक्टूबर को भारत चीन सीमा पर रखवाली करते हुए 10 पुलिस जवान शहीद हो गए थे। तब भारत और तिब्बत के ढाई हजार मील लंबी सीमा की निगरानी भारतीय रिजर्व पुलिस बल के पुलिसकर्मियों के जिम्मे थी। जिसके बाद से ही हर साल 21 अक्टूबर को शहीद दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है।