राजस्थान में महिला के साथ छड़छाड़ करने पर एक युवक की पीट पीटकर हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक प्रदेश के झालावाड़ जिले के एक गांव में महिला के साथ छेड़खाड़ के बाद उसके परिवार के 8-9 सदस्यों ने 30 वर्षीय आरोपी पर कथित तौर पर लाठियों, लोहे की छड़ों और पत्थरों से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना पर मंगलवार को पुलिस ने कहा कि इस मामले में महिला समेत नौ लोगों पर मामला दर्ज किया गया है और उनमें से आठ को हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। घटना खानपुर थाना क्षेत्र के सुमेर गांव में सोमवार दोपहर को हुई।
वहीं खानपुर थाना प्रभारी कमलचंद मीणा ने कहा कि मृतक की पहचान सुमेर गांव निवासी टोकिया उर्फ राजू बागड़ी (30) के रूप में हुई। वह गांव का एक कुख्यात अपराधी था और गांव में महिलाओं को छेड़ने और उन्हें परेशान करने सहित कई अपराधों में शामिल था।
बागड़ी ने पिछले सप्ताह सोमवार को गांव की 22 वर्षीय विवाहित महिला को कथित तौर पर छेड़ा था, जिसके बाद उसने उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 के तहत मामला दर्ज कराया था।
एसएचओ ने बताया कि उसके परिवार के सदस्य इसका बदला लेना चाहते थे और बागड़ी को सबक सिखाना चाहते थे, इसलिए जब वह गांव में एक रास्ते से गुजर रहा था, तब उस पर हमला कर दिया।
उन्होंने कहा कि बागड़ी को हमले में गंभीर चोटें आईं और स्थानीय अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सोमवार दोपहर बाद पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।