महंत प्रेमपुरी महाराज पुष्कर पहुंचे।
- फोटो : अमर उजाला
पंच दशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय सभापति महंत प्रेमपुरी महाराज शुक्रवार को तीर्थ नगरी पुष्कर पहुंचे। यहां उन्होंने जगतपिता ब्रह्मा मंदिर के दर्शन कर सरोवर की पूजा की। इस दौरान कपालेश्वर महादेव मंदिर के महंत सेवानंद गिरी महाराज सहित कई संत महात्मा मौजूद रहे।
कपालेश्वर मंदिर में मीडिया से बात करते हुए महंत प्रेमपुरी महाराज ने पुष्कर की दुर्दशा पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पुष्कर राज तीर्थ गुरु है। गुरु के स्थान पर गंदगी काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। महंत प्रेमपुरी महाराज ने कपालेश्वर महादेव मंदिर के महंत सेवानंद गिरी महाराज को आगे बढ़ाने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि संत आगे आएंगे तो देश प्रदेश का कायाकल्प होगा।
महंत प्रेमपुरी महाराज ने कहा कि योगी के आने के बाद उत्तर प्रदेश का कायाकल्प हुआ है। भूमाफियाओं को पूरी तरह खत्म कर दिया गया। योगी आदित्यनाथ जैसे मुख्यमंत्री हर प्रदेश में होने चाहिए। इस दौरान महंत प्रेमपुरी महाराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी जमकर तारीफ की।