राजस्थान के बूंदी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। देई खेड़ा थाना क्षेत्र के पापड़ी लबान के पास कपास से भरा एक ट्रक बेकाबू होकर सड़क किनारे पैदल चल रहे श्रद्धालुओं के ऊपर पलट गया। इस हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य श्रद्धालु ने कोटा के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
आठ से अधिक श्रद्धालु घायल, कोटा एमबीएस में इलाज
हादसे में आठ से ज्यादा श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत कोटा एमबीएस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया गया कि सभी श्रद्धालु चौथ माता मंदिर के दर्शन के लिए पैदल यात्रा कर रहे थे।
घायलों की आपबीती: पीछे से आया तेज रफ्तार ट्रक
घटना में घायल श्रद्धालुओं ने बताया कि वे लबान के पास से गुजर रहे थे, तभी पीछे से तेज गति से आ रहा ट्रक पहले टकराया और फिर असंतुलित होकर आगे चल रहे श्रद्धालुओं के ऊपर पलट गया। ट्रक में कपास भरी होने के कारण कई श्रद्धालु उसके नीचे दब गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल पहुंचे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला
पुलिस के अनुसार हादसे में सांवरा, राजाराम और एक अन्य श्रद्धालु की मौत हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला कोटा एमबीएस अस्पताल पहुंचे और घायलों की कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न हो। उन्होंने इस हादसे को बेहद दुखद और गंभीर बताया।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Weather: राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का असर, 5 जिलों में शीतलहर और 9 में घने कोहरे का अलर्ट
पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित कॉरिडोर की जरूरत
ओम बिरला ने कहा कि पैदल यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए ऐसा सुरक्षित कॉरिडोर बनाया जाना चाहिए, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। उन्होंने दोहराया कि ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस प्रयास जरूरी हैं।
कोटा रेंज के आईजी राजेंद्र प्रसाद गोयल ने बताया कि यह हादसा अत्यंत दुखद है। वे स्वयं नेशनल हाईवे की टीम के साथ मौके पर जाकर जांच करेंगे। यदि कोई तकनीकी खामी सामने आती है तो उसे दूर किया जाएगा। साथ ही पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए बेहतर इंतजाम किए जाएंगे और 5 से 7 वाहनों की तैनाती भी की जाएगी।
जांच जारी, घायलों से ली जा रही जानकारी
फिलहाल घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है और उनसे घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है। प्रशासन का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।