फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

BSF Bravery: बीएसएफ जवानों का शौर्य प्रदर्शन, पलक झपकते आग का गोला किया पार, चलती बाइक पर बनाया पिरामिड

Sun, 18 Dec 2022 09:28 PM IST
अरविंद कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटा

सार

राजस्थान के कोटा जिले में स्थित महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम में बीएसएफ जवानों का शौर्य प्रदर्शन हुआ। इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। बीएसएफ महिला विंग सीमा भवानी ने शानदार प्रदर्शन किया।

विज्ञापन
जवानों का शौर्य प्रदर्शन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम में रविवार को उत्साह और उमंग चरम पर थे। एक ओर जहां सीमा सुरक्षा बल के जवान अपना हैरतअंगेज प्रदर्शन कर रहे थे। वहीं खचाखच भरे स्टेडियम में वंदे मातरम और भारत माता की जयकार करते दर्शक उनके जोश को नई ऊंचाइयां दे रहे थे। करीब दो घंटे के शो के दौरान पूरे समय सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने दर्शकों को बांध कर रखा।

विज्ञापन


नयापुरा स्थित महाराव उम्मेद सिंह स्टेडिय में सीमा सुरक्षा बल के शौर्य प्रदर्शन शो का आयोजन किया गया। इस शो का सबसे बड़ा आकर्षण सीमा सुरक्षा बल की महिला प्रहरी रहीं। सीमा भवानी के नाम से विश्वविख्यात इन महिला प्रहरियों ने मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक के बाद एक ऐसे हैरतअंगेज स्टंट दिखाए कि लोग पलकें तक झपकाना भूल गए।

सीमा भवानी ने शानदार प्रदर्शन किया - फोटो : अमर उजाला

ट्यूबलाइट्स को तोड़ते हुए निकलीं…
आग के गोले में बंधी ट्यूबलाइट्स को तोड़ते हुए निकल जाना, चलती मोटरसाइकिल पर बंधी छह फीट से ऊंची सीढ़ी पर पलक झपकते ही चढ़ जाना, उलटा बैठकर और लेट का मोटरसाइकिल चलाना, मोटरसाइकिल की सीट पर खड़े होकर व्यायाम करना, मोटरसाइकिल को तेजी से दौड़ाते हुए अपने कंधे पर एक और जवान को बैठाना समेत अनेक ऐसे करतब थे, जिन्हें देखकर लोग हैरान रह गए। पूरी सीमा भवानी टीम ने एक पिरामिड की आकृति बना राष्ट्र ध्वज और सीमा सुरक्षा बल का ध्वज लेकर पूरे स्टेडियम में चक्कर लहराया। शान से लहराते तिरंगे को देख दर्शकों ने भारत माता की जय के नारे लगाने शुरू कर दिया।

आंख पर पट्टी बांध रस्सी के पुल पर चला डॉग…
एक ओर जहां बीएसएफ के जवान अपने स्टंट्स से दर्शकों को रोमांचित कर रहे थे। वहीं दूसरी ओर सीमा सुरक्षा बल के डॉग स्क्वॉड ने भी दर्शकों का भरपूर ध्यान अपनी ओर खींचा। 20 फीट ऊंची पहाड़ नुमा आकृति को पार कर लेना, 12 फीट ऊंची छलांग लगाना, अपने हैंडलर के आदेश पर मूवमेंट करना, हंगामा कर रही भीड़ को खदेड़ना समेत डॉग स्क्वॉड के अनेक स्टंट्स दर्शकों ने खूब मजा लिया। स्वच्छ भारत का संदेश देते हुए डॉग स्क्वॉड ने जब मैदान में पड़े कचरे को समेट कर कूड़ादान में फेंका तो पूरा स्टेडियम तालियां से गूंज उठा।

ताकत वतन की हमसे है…
शो के दौरान सीमा सुरक्षा बल के बैन्ड ने भी अपनी एंथम के साथ हिन्दी फिल्मों के देशभक्ति धुनों को भी बेहद प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया। ताकत वतन की हमसे हैं-हिम्मत वतन की हमसे है, कंधों से मिलते हैं कंधे कदमों से कदम मिलते हैं, दिल दिया है जान भी देंगे जैसे गीतों की धुन सुनकर मंत्रमुग्ध कर दिया।

विज्ञापन

बाइक पर बनाया पिरामिड - फोटो : अमर उजाला

चेतक और गजराज ड्रिल देख चौंके दर्शक…
कार्यक्रम के दौरान बीएसएफ के जवानों की गजराज और चेतक ड्रिल भी लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। चेतक ड्रिल में जवानों ने जिप्सी को कई टुकड़ों में अलग किया और उससे अधिक फुर्ती से जोड़ दिया। वहीं गजराज ड्रिल में एक भारी ट्रक को जवानों ने कई टुकड़ों में अलग कर दिया। इसमें बड़ी बात यह रही कि ट्रक के भारी-भरकम इंजन को भी अलग कर दिया गया।

'सीमा पर तैनात जवानों पर देश को गर्व'
इससे पूर्व कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा, सीमा पर तैनात जवानों पर 135 करोड़ देशवासियों को गर्व है। हिमालय के बर्फ से ढके पहाड़, रेगिस्तान की झुलसा देने वाली गर्मी, खतरनाक वन्यजीवों से भरे जंगल और समुद्र की गहराइयों तक इन जवानों का साहस, शौर्य और पराक्रम वंदनीय है। कोटा में यह प्रदर्शन यहां के युवाओं को भी सुरक्षा बल से जुड़कर देशसेवा में स्वयं को समर्पित करने की प्रेरणा देगा।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें