चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा
- फोटो : Social Media
राजस्थान के चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा भाजपा पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की टी-शर्ट को लेकर भाजपा बवाल मचा रही है। प्रधानमंत्री मोदी के 10 लाख रुपए के सूट को कोई भूला नहीं है। वह सूट कहां गया।
परसादी लाल मीणा शनिवार को कोटा दौरे पर रहे। उन्होंने इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना लांच किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की टी-शर्ट का भुगतान किसने किया, क्या कीमत थी। यह कोई कैसे बता सकता है। भाजपा का यह प्रोपगैंडा है। इस तरह की टिप्पणी किसी को नहीं करनी चाहिए, यह ओछी हरकत है।
चिकित्सा मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर पैदल कन्याकुमारी से कश्मीर तक जा रहे हैं। सरकार की फेल योजनाएं, डेमोक्रेसी को खत्म करने के प्रयास, सीबीआई व ईडी के दुरुपयोग सहित कई मुद्दों को आम जनता तक पहुंचा रहे हैं। बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान में मंत्री खाचरियावास, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के भाई और मंत्री राजेंद्र यादव के ठिकानों पर भी जांच एजेंसियों को भेज दिया जाता है। अब जितनी भी जांच एजेंसियां हैं, वह मोदी इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो हो गई हैं। विपक्षी दलों और कांग्रेस के लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है।